हरियाणा में मानसून पर ब्रेक, मोरनी में लैंडस्लाइड, कालका-शिमला ट्रैक पर मलबा
हरियाणा में मानसून पर करीब एक सप्ताह का ब्रेक रहेगा। मोरनी में लैंडस्लाइड, कालका-शिमला ट्रैक पर मलबा और कई जिलों में बारिश से परेशानी बढ़ी।
सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना
➤ अगस्त में अब तक 257.9 MM बारिश, सामान्य से करीब 14 फीसदी कम
➤ मोरनी में लैंडस्लाइड और कालका-शिमला ट्रैक पर मलबा गिरने से बढ़ी परेशानी
हरियाणा में मानसूनी हवाओं की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही मानसूनी हवाओं की रफ्तार धीमी होने के कारण अगले सप्ताह से प्रदेश में ज्यादा बरसात के आसार नहीं हैं। मानसूनी गतिविधियों पर करीब एक सप्ताह का ब्रेक रहेगा। इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।
अगस्त महीने में हरियाणा में अब तक 257.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 फीसदी कम है। हालांकि, एक दिन पहले 19 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.5 MM बारिश हुई। इसके अलावा पंचकूला में 67.5 MM, यमुनानगर में 60 MM, फतेहाबाद में 32 MM और सोनीपत में 29.5 MM बारिश दर्ज की गई।
अंबाला में टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ा, 10 कॉलोनियों में भरा पानी
पहाड़ों में हुई भारी बारिश का असर अंबाला कैंट में भी देखने को मिला। मंगलवार देर रात टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 27,720 क्यूसेक पहुंच गया। रात करीब 11:30 बजे आसपास की 10 कॉलोनियों में 3 फीट तक पानी भर गया।
हालांकि, प्रशासन की पूर्व घोषणा से लोग अलर्ट हो गए थे। बुधवार सुबह तक पानी उतरना शुरू हो गया।
मोरनी में लैंडस्लाइड से मकानों पर खतरा
पंचकूला जिले के मोरनी हिल्स क्षेत्र में भारी बारिश के चलते भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ। इसके कारण कई मकानों पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, पंचकूला में घग्गर नदी भी पूरे उफान पर बह रही है।
पंचकूला में अलीपुर-खटोली पुल भी टूट गया। इसके बाद पुलिस ने पुल पर दोनों तरफ से ट्रैफिक बंद कर दिया। यहां से लोग केवल पैदल ही निकल रहे हैं। बुधवार को भी यही हालात बने रहे।
सोनीपत में करंट लगने से युवक की मौत
सोनीपत के कबीरपुर में बारिश के कारण एक मकान में करंट उतर आया। बुधवार सुबह 30 वर्षीय आकाश लोहे की सीढ़ियों से छत पर जा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।
उसे बचाने की कोशिश में परिजनों को भी झटके लगे। हादसे में आकाश की जान चली गई।
पानीपत और फरीदाबाद में जलभराव से परेशानी
तेज बारिश के कारण पानीपत और फरीदाबाद में भी जलभराव की स्थिति बनी। प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे सुबह के वक्त वाहन ड्राइवरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फरीदाबाद में देर शाम हुई बारिश के बीच लोग जलभराव के बीच से गुजरते नजर आए।
कालका-शिमला ट्रैक पर भारी मलबा गिरा, ट्रेन रोकी
कालका-शिमला रेलखंड पर बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा आ गिरा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन संख्या 52458 (कालका-शिमला एक्सप्रेस) को कोटी स्टेशन पर ही रोक दिया गया।
ट्रेन में सवार 172 यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना के अधिकारियों से मदद मांगी।
हिसार 37°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म
बारिश के बीच हरियाणा में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में 0.4°C की मामूली बढ़त देखी गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना रहा।
प्रदेश में हिसार सबसे गर्म रहा, जहां पारा 37.0°C तक पहुंच गया। इसके अलावा नारनौल में 36.5°C, रोहतक में 36.2°C और भिवानी में 36.0°C तापमान दर्ज हुआ। बारिश वाले इलाकों में कुरुक्षेत्र का अधिकतम तापमान 32.5°C और गुरुग्राम का 33.0°C रहा।
गुरुग्राम में सबसे ठंडी रात, सिरसा में रात का तापमान सबसे ज्यादा
हरियाणा में औसतन न्यूनतम तापमान 0.3°C गिरा है। प्रदेश भर में रात का तापमान सामान्य के करीब रहा। गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8°C कम रहा।
इसके अलावा चंडीगढ़ में 23.2°C, नूंह व नारनौल में 24.5°C और पंचकूला में 25.1°C न्यूनतम तापमान रहा। वहीं, सिरसा में रात का तापमान सबसे ज्यादा 27.7°C दर्ज हुआ।
pooja