हरियाणा में सनसनी, एक तरफ रेलवे ट्रैक पर मिला शव, दूसरी ओर तलाब में युवक का कटा सिर
हरियाणा में सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। हिसार में रेलवे ट्रैक पर युवक की लाश मिली, जबकि कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर में कटा हुआ सिर बरामद हुआ। दोनों मामलों की जांच जारी है।
- हिसार रेलवे ट्रैक पर युवक की लाश, हत्या कर फेंकने की आशंका
- कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर में युवक का कटा हुआ सिर बरामद
हरियाणा में एक के बाद एक सामने आईं खौफनाक घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। पहले हिसार जिले के सिवानी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला, जिसके सिर के पीछे गहरी चोट के निशान पाए गए। जीआरपी पुलिस के मुताबिक युवक ट्रेन से कटा हुआ नहीं है और हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने की आशंका जताई जा रही है। शव को हिसार सिविल अस्पताल के शवगृह में पहचान के लिए रखवाया गया है।
इसी बीच मंगलवार दोपहर कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी में एक युवक का कटा हुआ सिर उतराता हुआ मिला। सरोवर पर चल रहे सफाई कार्य के दौरान एक महिला कर्मचारी ने पहले उसे नारियल समझा, लेकिन पास जाकर देखने पर वह मानव सिर निकला। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीआईए-2 प्रभारी मोहनलाल और कृष्णा गेट थाना प्रभारी बलजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सिर को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। सिर को वैज्ञानिक और डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है।
Akhil Mahajan