42.5°C पहुंचा पारा, नारनौल सबसे गर्म, रातें भी तपने लगीं
haryana-heatwave-yellow-alert-42-temperature
हरियाणा के 13 जिलों में लू का यलो अलर्ट, तापमान 42.5°C तक पहुंचा
नारनौल सबसे गर्म, दिन के साथ अब रातें भी गर्म
किसानों को कटाई-बुवाई टालने और पशुधन बचाने की सलाह
हरियाणा में मौसम ने अब भीषण गर्मी के तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और लू के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने 24 अप्रैल तक 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है, साथ ही कई शहरों में वार्म नाइट की चेतावनी दी गई है।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। दिन के साथ-साथ अब रातों में भी तापमान बढ़ रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश में अधिकतम तापमान में 1.1°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 2.3°C अधिक है। नारनौल 42.5°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा रोहतक 42.2°C, सिरसा 41.6°C और हिसार 41.2°C तापमान दर्ज किया गया।
वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। औसतन न्यूनतम तापमान 1.7°C अधिक चल रहा है। फरीदाबाद में 27.2°C के साथ सबसे गर्म रात दर्ज हुई, जबकि यमुनानगर में 18.9°C न्यूनतम तापमान रहा। अंबाला, गुरुग्राम और नारनौल में रात का पारा सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे वार्म नाइट की स्थिति बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 5 दिनों में तापमान 3-4°C तक और बढ़ सकता है, जिससे लू के थपेड़े और तेज होने की संभावना है। इस बीच किसानों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। सरसों की कटाई को 3-4 दिन तक रोकने की सलाह दी गई है और कटी फसल को सुरक्षित रखने को कहा गया है।
कपास, मूंग, उड़द और सब्जियों की बुवाई फिलहाल टालने को कहा गया है। फलों के पेड़ों में नियमित सिंचाई करने और कीटनाशक छिड़काव से बचने की हिदायत दी गई है।साथ ही पशुओं को छायादार स्थान पर रखने और पर्याप्त पानी देने की सलाह दी गई है, ताकि वे हीट स्ट्रेस से बच सकें। कुल मिलाकर हरियाणा में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं, जिससे आमजन और किसानों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Akhil Mahajan