हरियाणा ग्रामीण बैंक नगंथला चोरी केस सॉल्व , 27.92 लाख की बैंक चोरी में तीन आरोपी गिरफ्तार
हिसार के नगंथला स्थित हरियाणा ग्रामीण बैंक में 27.92 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। स्पेशल स्टाफ ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हरियाणा ग्रामीण बैंक नगंथला में करीब 28 लाख की बड़ी चोरी का खुलासा
स्पेशल स्टाफ ने 10 दिन में तीन शातिर आरोपियों को दबोचा
बैंक की पिछली दीवार तोड़कर स्ट्रांग रूम से नकदी उड़ाई गई
हरियाणा के हिसार जिले में हरियाणा ग्रामीण बैंक, शाखा नगंथला में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि 12 जनवरी 2026 को थाना अग्रोहा क्षेत्र में बैंक की पिछली दीवार तोड़कर स्ट्रांग रूम में घुसकर नकदी चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शाखा प्रबंधक से जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने कैश तिजोरी काटकर नकदी चोरी की और साथ ही फ्रंट गेट कैमरा, DVR और स्ट्रांग रूम के कैमरों की तारें भी क्षतिग्रस्त कर दीं। बैंक बंद होने के समय कुल ₹28,42,135 की नकदी थी, जबकि जांच में तिजोरी में सिर्फ ₹50,005 शेष मिले। इस तरह ₹27,92,130 की चोरी की पुष्टि हुई।
पुलिस ने थाना अग्रोहा में BNS की धाराओं 331(4), 305 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्पेशल स्टाफ की मदद से निरीक्षक पवन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 दिन के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार (बिहार), गौतम कुमार (बिहार) और सूरज मिस्त्री (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात में कुल छह आरोपी शामिल थे, जिनमें से तीन अभी फरार हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी पंजाब और हरियाणा में धान का छिलका उठाने का काम करते थे और इसी दौरान बैंकों की रेकी करते थे। नगंथला गांव के बाहरी हिस्से में स्थित बैंक की पहचान कर आरोपियों ने दो दिन पहले रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपियों को 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और चोरी की नकदी व औजारों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Akhil Mahajan