जिन्होंने सिक्योरिटी को स्टेटस सिंबल बनाया, उनपर ही की सख्त कार्रवाई, हमने ऐसें काो भी सस्पेंड, जो गनमैन के साथ फोटो खिंचवाकर तमाशा बना रहे थे..
हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने 2025 के अपराधों की समीक्षा कर 2026 की रणनीति साझा की। गैंगस्टर, एक्सटॉर्शन और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
-
2025 के अपराधों से सबक लेकर 2026 के लिए हरियाणा पुलिस की नई रणनीति तय
-
फर्जी खतरे पर सुरक्षा नहीं, जेन्युइन थ्रेट पर पूरी प्रोटेक्शन
-
भ्रष्ट पुलिसकर्मी, गैंगस्टर और अपराधी नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार
हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2025 में हुए अपराधों की गहन समीक्षा के बाद 2026 के लिए हरियाणा पुलिस की रणनीति तय कर ली गई है। उन्होंने कहा कि कॉन्ट्रैक्ट किलिंग, एक्सटॉर्शन कॉल, ड्रग सप्लाई, क्राइम हॉटस्पॉट्स और संगठित अपराध को लेकर विस्तार से मंथन किया गया है। इन अनुभवों से सीख लेकर यह तय किया गया है कि अपराध को होने से पहले ही रोका जाए।
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि सुरक्षा कोई तमाशा नहीं है। किसी को गनमैन देना या हटाना सोच-समझकर, इंटेलिजेंस इनपुट और सीआईडी रिपोर्ट के आधार पर किया जाता है। जिला स्तर पर एसपी और डीसीपी हालात का आकलन करते हैं। जिन लोगों को वास्तविक खतरा है, उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाती है। लेकिन जिन्होंने सुरक्षा को स्टेटस सिंबल बना लिया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। ऐसे पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड किया गया है, जो गनमैन के साथ फोटो खिंचवाकर तमाशा बना रहे थे।
उन्होंने साफ कहा कि जिन लोगों को बिना जेन्युइन खतरे के सुरक्षा दी गई थी, उनसे अब उसकी वसूली भी की जाएगी। डीजीपी ने दो टूक कहा कि पुलिस अपने पीछे सौ-सौ जवान लगाने के लिए नहीं है। पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, न कि किसी की ब्रांडिंग के लिए।
डीजीपी ओपी सिंह ने पुलिस की आंतरिक सफाई पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए पुलिसकर्मियों को तुरंत बर्खास्त किया जाएगा। संविधान के अनुच्छेद 311 के तहत यदि जांच में देरी से जनहित प्रभावित होता है, तो ऐसे अधिकारियों को तत्काल बाहर किया जा सकता है। सोशल मीडिया के दौर में जब सब कुछ सामने दिख रहा है, तो ऐसे लोगों को फोर्स में बनाए रखना संभव नहीं है।
गैंगस्टर और एक्सटॉर्शन नेटवर्क को लेकर डीजीपी ने कहा कि विदेशों से आने वाली धमकियों में कमी आई है। कई एक्सटॉर्शन कॉल केवल डर फैलाने के लिए होती हैं। हालांकि पुलिस किसी भी कॉल को हल्के में नहीं लेती। अब तक 11 गैंगस्टरों को विदेशों से पकड़कर लाया गया है। उनके फाइनेंसर, शरण देने वाले और नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है।
डीजीपी ने बताया कि थाना स्तर पर अंतिम छोर तक निगरानी की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि अगले सात दिनों में कौन अपराध कर सकता है। ऐसे लोगों को पहले ही हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है। 4500 से अधिक बदमाश जेल में डाले गए हैं। 200 से ज्यादा अपराधियों की जमानत रद्द करवाई गई है। अपराधियों की संपत्तियां अटैच की जा रही हैं और उनके आर्थिक स्रोत खत्म किए जा रहे हैं।
डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि 2025 में पुलिस की सक्रियता से 107 से अधिक मर्डर प्लान विफल किए गए। करीब एक हजार अवैध हथियार और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की गईं। उन्होंने कहा कि 70 हजार की फोर्स के सामने कुछ गिने-चुने अपराधी ज्यादा समय तक टिक नहीं सकते।
त्योहारों, नए साल और बड़े आयोजनों को लेकर डीजीपी ने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। लोग उत्सव मनाएं, लेकिन शराब पीकर वाहन न चलाएं और दूसरों की जान खतरे में न डालें। पुलिस हर आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
डीजीपी ओपी सिंह ने पुलिसकर्मियों और नागरिकों के लिए फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत दिमाग और शरीर ही अपराध और डर से लड़ सकता है। उन्होंने खुद को उदाहरण बताते हुए कहा कि जब वे फिट रह सकते हैं, तो हर पुलिसकर्मी और नागरिक भी रह सकता है। डीजीपी ने भरोसा जताया कि 2026 में हरियाणा पुलिस का प्रदर्शन 2025 से कहीं बेहतर होगा और प्रदेश की कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।
अपनी सेवानिवृत्ति और कार्यकाल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बेहद सधे हुए अंदाज में कहा कि यह एक वैलिड सवाल नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी सेवा में एक निश्चित तिथि आती है जब अधिकारी को पद छोड़ना होता है ताकि नए लोग आते रहें और व्यवस्था चलती रहे। उन्होंने कहा कि आने-जाने की बातों के बजाय मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए ओपी सिंह ने कहा कि जो मुलाजिम रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़े जाएंगे, उन्हें संविधान के अनुच्छेद 311 के तहत तुरंत बर्खास्त किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस का काम बदमाशों से लड़ना है, न कि अपराध में संलिप्त होना। या तो आप पुलिस की वर्दी में रहें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें। इसके अलावा, वीआईपी सुरक्षा को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि सुरक्षा कोई तमाशा नहीं है। उन्होंने उन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए जो गनमैन के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर भौकाल मचाते हैं। अनावश्यक सुरक्षा लेने वालों से अब खर्चे की वसूली भी की जाएगी।
ओपी सिंह ने अपनी फिटनेस का उदाहरण देते हुए कहा कि वह आज भी 5 मिनट से कम समय में एक किलोमीटर दौड़ सकते हैं और भारी वजन के साथ वर्कआउट करते हैं। उन्होंने संदेश दिया कि सजग नागरिक बनने के लिए शरीर और दिमाग पर कंट्रोल होना जरूरी है। वर्ष 2026 की योजना पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने 107 मर्डर प्लान विफल किए हैं और अपराधियों के पूरे इकोसिस्टम (फंडिंग और ठिकाने) को तबाह करने के लिए 360 डिग्री एक्शन लिया जा रहा है।
Akhil Mahajan