हरियाणा कांग्रेस के 5 विधायकों को अब नया नोटिस: सख्त कार्रवाई की तैयारी
हरियाणा में कांग्रेस ने 5 विधायकों को नया नोटिस जारी कर क्रॉस वोटिंग का सीधा आरोप लगाया है। 7 दिन में जवाब नहीं देने पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
■ हरियाणा कांग्रेस के 5 विधायकों को नया नोटिस, ‘क्रॉस वोटिंग’ का सीधा आरोप
■ पहले नोटिस से ज्यादा सख्त भाषा, पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया मामला
■ 7 दिन में जवाब नहीं तो एक्शन तय, अतिरिक्त समय भी नहीं मिलेगा
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने अपने 5 विधायकों को जारी नोटिस को और सख्त करते हुए नया नोटिस भेजा है, जिसमें पहली बार सीधे तौर पर ‘क्रॉस वोटिंग’ का जिक्र किया गया है। इससे पहले जारी नोटिस में केवल वोट के कैंसिल या इनवेलिड होने की बात कही गई थी, लेकिन अब इसे जानबूझकर किया गया कदम बताते हुए पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया है।
कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक के निर्देश पर यह नया नोटिस जारी किया गया है। समिति के सदस्य सचिव रोहित जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में आने के बाद नोटिस की भाषा को और स्पष्ट व सख्त किया गया है।
इस मामले में जिन विधायकों को नोटिस दिया गया है, उनमें रेनू बाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इजराइल, मोहम्मद इलियास और जरनैल सिंह शामिल हैं। इन सभी को पहले 19 और 20 मार्च को नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद अब संशोधित नोटिस भेजा गया है।
नए नोटिस में साफ कहा गया है कि 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में इन विधायकों ने कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को वोट नहीं दिया और किसी अन्य प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। पार्टी का मानना है कि यह कदम जानबूझकर उठाया गया, ताकि अधिकृत उम्मीदवार को हराया जा सके।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि इस तरह का आचरण पार्टी अनुशासन, निष्ठा और आदर्शों के खिलाफ है। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए विधायकों को 7 दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। साथ ही स्पष्ट कर दिया गया है कि तय समय के बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा और जवाब संतोषजनक नहीं होने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, नोटिस की भाषा में बदलाव इस बात का संकेत है कि कांग्रेस अब इस मामले में सख्त रुख अपनाने के मूड में है। राज्यसभा चुनाव के बाद सामने आए इस विवाद ने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को उजागर कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में हरियाणा की राजनीति और गर्माने के आसार हैं।
Akhil Mahajan