हरियाणा में SIR शुरू होने से पहले कांग्रेस की बड़ी तैयारी, 27 को चंडीगढ़ शिविर में राव नरेंद्र व हुड्डा देंगे ट्रेनिंग
हरियाणा में 15 जून से शुरू होने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण से पहले कांग्रेस 27 मई को चंडीगढ़ में BLA-1 के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी।
- हरियाणा में 15 जून से शुरू होगा मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण
- कांग्रेस 27 मई को चंडीगढ़ में BLA-1 को देगी ट्रेनिंग
- राव नरेंद्र सिंह और भूपेंद्र हुड्डा सहित कई बड़े नेता करेंगे प्रशिक्षण
हरियाणा में आगामी चुनावी तैयारियों के बीच मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग द्वारा 15 जून से इस प्रक्रिया की शुरुआत की जाएगी। इससे पहले कांग्रेस ने अपने बीएलए-1 (Booth Level Agent) को प्रशिक्षित करने का फैसला लिया है।
कांग्रेस पार्टी 27 मई को चंडीगढ़ में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करेगी। इस शिविर में पार्टी के बीएलए-1 को मतदाता सूचियों की निगरानी, नामों के मिलान और संभावित गड़बड़ियों पर नजर रखने को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दरअसल, बिहार और पश्चिम बंगाल में हुई एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने मतदाताओं के नाम काटे जाने और सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इसी को देखते हुए हरियाणा कांग्रेस अब पहले से ही पूरी तैयारी में जुट गई है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी हरियाणा में वोट चोरी के आरोप पहले कई बार लगा चुके हैं। राहुल गांधी का कहना रहा है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार वोट चोरी के जरिए बनी है। हालांकि जिन मतदाताओं के नाम उन्होंने उदाहरण के तौर पर पेश किए थे, उनमें से कई बाद में सामने आकर इन आरोपों का खंडन भी कर चुके हैं।
अब चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा में SIR प्रक्रिया लागू किए जाने के बाद कांग्रेस ने बीएलए-1 को मजबूत करने और बूथ स्तर पर निगरानी बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। पार्टी का मानना है कि प्रशिक्षित बीएलए मतदाता सूचियों में किसी भी तरह की अनियमितता को पकड़ने में मदद करेंगे।
चंडीगढ़ में होने वाली इस कार्यशाला में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई बड़े नेता बीएलए-1 को प्रशिक्षण देंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पार्टी नेताओं, जिलाध्यक्षों और बीएलए-1 को कार्यशाला की जानकारी दे दी गई है। कांग्रेस इस कार्यक्रम को आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है।
Akhil Mahajan