शिमला से ठंडी हो गईं हरियाणा की रातें, जानें कब बरसेंगे बादल
हरियाणा में सर्दी ने दस्तक दी है। हिसार, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ की रातें शिमला से ठंडी हो गईं। 13 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, बारिश की संभावना नहीं।
-
हिसार, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ की रातें शिमला से ठंडी दर्ज
-
मेवात व करनाल में दिन का तापमान सबसे ज्यादा गर्म
-
13 नवंबर तक मौसम रहेगा खुश्क, बारिश की संभावना नहीं
हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। अब प्रदेश के कई जिलों की रातें पहाड़ों से भी ठंडी हो चुकी हैं। हिसार, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में रात का तापमान शिमला से नीचे पहुंच गया है।
शुक्रवार की रात महेंद्रगढ़ में 7.6, हिसार में 7.7 और गुरुग्राम में 7.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, शिमला में 9.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 5.2 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। इस बीच, हरियाणा के सभी जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
मेवात और करनाल राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 13 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी।
इन हवाओं के चलते दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा, जबकि रात का तापमान और गिरेगा। 14 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
राज्य में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्के बादल भी छाए रहने के आसार हैं।
अंबाला में रात का तापमान 14.8, करनाल में 9.5, नारनौल में 10, रोहतक में 11.4, और पंचकूला में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
Author1