ACB का बड़ा एक्शन, हरियाणा में दो भ्रष्‍ट अधिकारी गिरफ्तार, पढ़ें पूरा मामला

हरियाणा ACB ने पीछा करो अभियान के तहत नारनौल में पूर्व EO और गुरुग्राम में सहायक खाद्य अधिकारी को गिरफ्तार किया। एक पर गलत प्रॉपर्टी आईडी, दूसरे पर रिश्वत लेने का आरोप है।

ACB का बड़ा एक्शन, हरियाणा में दो भ्रष्‍ट अधिकारी गिरफ्तार, पढ़ें पूरा मामला
  • ACB का बड़ा एक्शन, हरियाणा में दो अधिकारी गिरफ्तार

  • नारनौल में गलत प्रॉपर्टी आईडी बनाने वाला पूर्व EO पकड़ा

  • गुरुग्राम में रिश्वत लेते सहायक खाद्य अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार



हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे “पीछा करो अभियान” के तहत दो अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने नारनौल और गुरुग्राम में दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश दिया है। दोनों गिरफ्तारियां 26 दिसंबर को की गईं।

ACB ने नारनौल में करीब पौने दो साल पुराने मामले में नगर परिषद के तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पूर्व EO ने जानबूझकर गलत प्रॉपर्टी आईडी तैयार करवाई थी। जांच में सामने आया कि इस फर्जीवाड़े से सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर की गई। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व EO को दबोच लिया।

वहीं दूसरी ओर गुरुग्राम में ACB ने सहायक खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर राशन डिपो संचालकों से अवैध रूप से पैसे वसूलने का आरोप है। ACB को शिकायत मिली थी कि अधिकारी डिपो संचालन से जुड़े कामों के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

ACB अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। ब्यूरो ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।