भाखड़ा पाइपलाइन मामले में पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा गिरफ्तार
हांसी के चैनत गांव में भाखड़ा पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन लगाने के मामले में आरोपी सोमेश शर्मा को रामायण टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ कर रही है।
- भाखड़ा पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन मामले में पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा गिरफ्तार
- रामायण टोल प्लाजा से हिरासत में लेकर पुलिस कर रही गहन पूछताछ
- PWD मंत्री रणबीर गंगवा बोले- सरकार का उससे कोई लेना-देना नहीं, वह फ्रॉड व्यक्ति है
हरियाणा के हांसी के निकटवर्ती गांव चैनत में भाखड़ा पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन (टी) लगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सोमेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे रामायण टोल प्लाजा से हिरासत में लिया, जहां से वह अपने कुछ साथियों के साथ दिल्ली जा रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर सोमेश शर्मा अपने साथियों के साथ दिल्ली के लिए निकला था। इसी दौरान पुलिस टीम ने रामायण टोल प्लाजा पर उसे रोककर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस भाखड़ा पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन लगाने के पूरे मामले को लेकर सोमेश शर्मा से गहन पूछताछ कर रही है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि भाखड़ा पेयजल योजना को लेकर चर्चा में आए पूर्व सरपंच सोमेश कुमार (सोमेश शर्मा) खुद को भाजपा नेता बताते रहे हैं। उनकी गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। वहीं, चैनत गांव में धरना समाप्त कराते समय भी उन्होंने सार्वजनिक रूप से खुद को भाजपा से जुड़ा बताया था।
इस बीच, हरियाणा सरकार में PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमेश शर्मा से दूरी बनाते हुए कहा था कि वह "फ्रॉड आदमी" है और सरकार का उससे कोई लेना-देना नहीं है। मंत्री के इस बयान के बाद मामले ने और राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
अब पुलिस की पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवैध कनेक्शन लगाने के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इस पूरे प्रकरण में किसकी क्या भूमिका रही।
pooja