एक घंटे की बारिश से सड़कें जलमग्न, लापरवाही पर जूनियर इंजीनिय सस्पेंड
गुरुग्राम में एक घंटे में 36 एमएम बारिश से जलभराव और जाम लगा, JE सस्पेंड हुआ। अंबाला में अंडरपास डूबा और वाहन फंसे, कई जिलों में बारिश हुई
➤ गुरुग्राम में एक घंटे में 36 एमएम बारिश, कई इलाकों में जलभराव
➤ ड्यूटी से नदारद JE मनोज सस्पेंड, NH-48 पर डेढ़ घंटे तक जाम
➤ अंबाला के अंडरपास में फंसे वाहन, अगस्त में सामान्य से 7% कम बारिश
हरियाणा में शुक्रवार को गुरुग्राम और अंबाला समेत 7 जिलों में बारिश हुई। गुरुग्राम में शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच महज एक घंटे में 36 एमएम बारिश दर्ज हुई। तेज बारिश के बाद सेक्टर-15, सेक्टर-22, सेक्टर-31 और मानेसर सेक्टर-5 में जलभराव हो गया। गुरुग्राम से सटे यशोभूमि मेट्रो स्टेशन पर भी बारिश का पानी प्लेटफार्म तक पहुंच गया।
बारिश के कारण वार्ड-14 में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान समस्या से निपटने के बजाय JE मनोज ड्यूटी से नदारद रहे और उनका फोन भी बंद मिला। सूचना मिलने के बाद निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने JE को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
NH-48 पर दिल्ली से गुरुग्राम तक लगा लंबा जाम, डेढ़ घंटे तक रेंगते रहे वाहन
देर शाम नेशनल हाईवे-48 पर दिल्ली के धौलाकुआं से लेकर गुरुग्राम तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। गुरुग्राम में जाम करीब 5 किलोमीटर लंबा रहा और लगभग डेढ़ घंटे तक वाहन फंसे रहे। शाम करीब सात बजे दिल्ली के महिपालपुर से लेकर गुरुग्राम के राजीव चौक तक भी लंबा जाम देखा गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। दिल्ली जाने वाले वाहनों को इफको चौक पर यू-टर्न से आगे भेजा गया। इसके बाद वाहन चालक एमजी रोड होते हुए नगर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में दाखिल हुए। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते एयरपोर्ट की ओर भेजा गया। जाम खुलने के बाद पुलिस ने रूट डायवर्जन समाप्त कर दिया।
राजीव चौक से सोहना रोड तक ट्रैफिक की रफ्तार थमी
गुरुग्राम में बारिश के बाद सरहौल बॉर्डर से राजीव चौक और सुभाष चौक तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। सड़कों के किनारे पानी जमा होने के कारण दुपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को खास तौर पर परेशानी हुई। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में राजीव चौक, सोहना रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, उद्योग विहार और सेक्टर-14 के आसपास की सड़कें रहीं। इन इलाकों में जलभराव के कारण ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। द्वारका एक्सप्रेसवे की टनल में भी दिल्ली एरिया में जलभराव हो गया। इससे यहां से गुजरने वाले ट्रैफिक की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
सेक्टर-40 में पेड़ गिरने से दो खंभे टूटे, दो कारें क्षतिग्रस्त
तेज बारिश के दौरान गुरुग्राम के सेक्टर-40 में एक पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर गया। इसके कारण दो बिजली के खंभे भी टूट गए। खंभों की चपेट में आने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद लोगों ने बिजली निगम को सूचना दी और तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई।
अंबाला में दो से तीन फीट पानी, अंडरपास में वाहन फंसे
अंबाला में भी बारिश के बाद कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं। कई जगहों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। रेलवे स्टेशन के पास स्थित अंडरपास में भी कई फीट पानी जमा हो गया, जिसके कारण कई वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए। एक युवक की बाइक भी अंडरपास में जलभराव के बीच बंद हो गई। युवक को बाहर निकालने के लिए दो बच्चे जलभराव से होते हुए उसके पास पहुंचे। इसके अलावा रोहतक, रेवाड़ी, अंबाला, नूंह और फरीदाबाद में भी बारिश हुई।
अगस्त में सामान्य से 7% कम बारिश, तीन साल में सबसे कम
मानसून के तीन महीने बीत चुके हैं। अगस्त में हरियाणा में सामान्य 146.1 एमएम के मुकाबले 135.4 एमएम बारिश हुई, जो पिछले तीन साल में सबसे कम है! 1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में कुल 283.4 एमएम बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 349.9 एमएम होती है।अब तक के आंकड़ों के अनुसार नूंह में 25%, पलवल में 26%, गुरुग्राम में 17%, फरीदाबाद में 7% और भिवानी में 41% सामान्य से अधिक बारिश हुई है। वहीं करनाल में 68%, जींद में 51%, कैथल में 49%, अंबाला में 37% और रोहतक में 19% बारिश की कमी दर्ज की गई है।
Akhil Mahajan