प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई गोदाम जलकर खाक, 6 सोसाइटी में फैला धुआं, अफरातफरी

गुरुग्राम के बजघेड़ा में प्लास्टिक फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लगने से कई गोदाम जल गए। धुएं से 6 सोसाइटी प्रभावित हुईं, चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई गोदाम जलकर खाक,  6 सोसाइटी में फैला धुआं, अफरातफरी

गुरुग्राम के बजघेड़ा में प्लास्टिक फैक्ट्री-गोदाम में भीषण आग
आग ने पास के गोदामों को लिया चपेट में, 6 सोसाइटी में धुएं से हड़कंप
चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू, इलाका कराया गया खाली


हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह बजघेड़ा इलाके स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग धीरे-धीरे विकराल रूप धारण करती गई और आसपास के अन्य गोदामों तक फैलने लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुबह करीब 5 बजे फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को आग लगने का पता चला। शुरुआती स्तर पर वर्करों ने खुद ही पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।

फैक्ट्री और गोदामों में लगी आग से धुआं आसपास के इलाके में फैल गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक आग पास के कई गोदामों तक फैल चुकी थी। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने आसपास का इलाका खाली करा दिया। आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। इस आग का असर आसपास की करीब 6 रिहायशी सोसाइटी पर भी पड़ा, जहां धुआं भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फैक्ट्री में लगी आग आसपास के दूसरे गोदामों तक भी पहुंच गई।

बजघेड़ा क्षेत्र में मौजूद स्क्रैप और लकड़ी के गोदाम भी आग की चपेट में आ गए। पास ही स्थित जारा रोसा और परीना हाईराइज सोसाइटी सहित अन्य रिहायशी इलाकों में धुआं फैलने से दहशत का माहौल रहा। लोगों को अपने घरों से बाहर निकलना पड़ा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से आग भड़कने का जताया जा रहा है।

फैक्ट्री में लगी आग बुझाने का प्रयास करते वर्कर।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सिकंदरपुर इलाके में झुग्गियों में भी भीषण आग लगी थी, जिसमें 100 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गई थीं। फायर ब्रिगेड की टीमों ने वहां भी देर रात तक राहत और बचाव कार्य चलाया था।