हरियाणा में बेरहमी से युवक की हत्या, पत्थर से बिगाड़ डाला चेहरे, शिनाख्त करने लायक नहीं बचा
गुरुग्राम के सेक्टर 29 में किंग्डम ऑफ ड्रीम्स की पार्किंग में एक युवक की ईंट और पत्थरों से हत्या कर दी गई। चेहरा इतना कुचला गया कि पहचान मुश्किल है। जय माता दी और ॐ का टैटू सुराग बना।
➤ सेक्टर 29 के किंग्डम ऑफ ड्रीम्स पार्किंग में युवक की हत्या
➤ ईंट-पत्थरों से कुचल कर दी गई निर्मम हत्या
➤ पहचान छिपाने के लिए चेहरा किया गया विकृत
गुरुग्राम के सेक्टर 29 में स्थित बंद पड़े किंग्डम ऑफ ड्रीम्स की पार्किंग लॉट में मंगलवार सुबह एक करीब 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि युवक की ईंट और पत्थरों से बुरी तरह से कुचलकर हत्या की गई है। हत्या इतनी निर्मम थी कि मृतक का चेहरा पहचानने लायक नहीं बचा, जिससे उसकी शिनाख्त करना बेहद मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि शव के दाहिने हाथ की कलाई पर “जय माता दी” हिंदी में गुदा हुआ है और बाएं हाथ पर “ॐ” का टैटू बना हुआ है। यही दो निशान अब पहचान का अहम सुराग माने जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 29 थाना प्रभारी एसएचओ रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या को बेहद क्रूर और योजनाबद्ध बताया जा रहा है। ईंट और पत्थरों से सिर पर कई वार किए गए, जिससे मृतक का चेहरा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रात में पार्किंग में कौन-कौन आया था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि किंग्डम ऑफ ड्रीम्स अब वर्षों से बंद पड़ा है और इसका विशाल पार्किंग क्षेत्र सुनसान रहता है। यहां रात के समय असामाजिक तत्वों की आवाजाही आम बात है। कई बार लोग शराब पीते और झगड़ते देखे जाते हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यहां अकसर संदिग्ध लोग घूमते रहते हैं, और सुबह जब शव देखा गया तो सभी स्तब्ध रह गए।
पुलिस का कहना है कि शव के पास कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है, जिससे शिनाख्त में दिक्कत हो रही है। फिंगरप्रिंट डाटाबेस और आसपास के थानों में गुमशुदगी रिपोर्ट्स को खंगाला जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हत्यारों की तलाश जारी है।
Author1