गुरुग्राम में लेडी बाइकर को टक्कर मारने का मामला, सिया बोलीं- मेरी जान जा सकती थी, फिर भी कार सवार नहीं रुका
गुरुग्राम में लेडी बाइकर सिया को कार से टक्कर मामले में नया वीडियो सामने आया। सिया ने हादसे, आरोपी और पुलिस कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठाए।
➤ लेडी बाइकर सिया ने जारी किया नया वीडियो, कहा- टक्कर के बाद भी नहीं रुका कार सवार
➤ टक्कर मारने वाले कल्याण बैंसला ने गलती मानी, पुलिस ने दो दोस्तों को हिरासत में लिया
➤ सिया 2022 में कालकाजी से AAP के टिकट पर निगम चुनाव लड़ चुकीं, फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया
गुरुग्राम में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सड़क हादसे के बाद सिया ने सोमवार देर रात इंस्टाग्राम पर नया वीडियो जारी कर कार चालक पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार ने उन्हें टक्कर मारी और इसके बाद भी कार सवार रुका नहीं। सिया ने कहा कि अगर उसे उनकी इतनी ही चिंता थी तो वह एक सेकेंड के लिए रुककर यह देखने क्यों नहीं आया कि वह जिंदा हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की वजह से महिलाओं को गुरुग्राम-दिल्ली की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है।
इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने अभी अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोमवार को कार से टक्कर मारने का आरोप झेल रहा पलवल निवासी कल्याण बैंसला खुद मीडिया के सामने आया और उसने अपनी गलती मानी। सोमवार को पुलिस की टीमें उसके गांव भी पहुंची थीं, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कल्याण के दो दोस्तों निंदर और प्रमोद को हिरासत में लिया है। निंदर हादसे वाले दिन 13 सितंबर को कल्याण को पलवल से लेकर आया था, जबकि प्रमोद पर उसे गांव से भगाने का आरोप है।
सिया ने वीडियो जारी कर उठाए कई सवाल
शिवानी चौहान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट रेबलव्हील्स सिया पर वीडियो अपलोड कर हादसे को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उनका रोड एक्सीडेंट वाला वीडियो हर जगह चल रहा है और उन्हें टक्कर मारने वाला युवक इंटरव्यू देकर कह रहा है कि बाइक सवार बार-बार बाइक तेज और स्लो कर रहे थे और उसे पिंच कर रहे थे।
सिया ने कहा कि वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि कौन किसे पिंच कर रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बाइक सवार ऐसा कर भी रहे थे तो कार सवारों के उनका पीछा करने का क्या मतलब था।
उन्होंने उस दावे पर भी सवाल उठाया कि कार चालक को पता नहीं था कि बाइक लड़की चला रही है। सिया ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता। उनके मुताबिक, उनके बहुत लंबे बाल हैं और चोटी बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि कार सवार ने यह देखा, फिर एक्शन किया और बाइक रोकने के लिए कहा। उन्होंने यह भी कहा कि अब यह बात कही जा रही है कि बाइक सवार 22-23 लोग थे।
हिट एंड रन मामले में क्या दो वीडियो काफी नहीं हैं, सिया ने पूछा
सिया ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि हिट एंड रन के इस केस में दो वीडियो काफी नहीं हैं। उनके मुताबिक, एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार पहली लेन से सीधे तीसरी लेन में आती है और उन्हें टक्कर मारकर भाग जाती है।
उन्होंने कहा कि टक्कर के बाद वह सड़क पर घिसटती हुई जाती हैं। सिया ने सवाल किया कि क्या यह वीडियो इस बात को समझने के लिए पर्याप्त नहीं है कि क्या हुआ था। उनका कहना है कि अगर कार सवार को उनके लिए इतनी ही चिंता थी तो वह रुका क्यों नहीं।
सिया ने कहा कि टक्कर मारने के बाद रुकना उसकी जिम्मेदारी थी और उसे यह देखना चाहिए था कि जिस व्यक्ति को उसने टक्कर मारी है, उसकी हालत क्या है।
‘मेरी हड्डियां टूट सकती थीं, मौके पर जान भी जा सकती थी’
सिया ने कहा कि हादसे में उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और मौके पर उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि टक्कर मारने के बाद अब सहानुभूति दिखाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह उस पर बिल्कुल सूट नहीं करता।
उन्होंने कहा कि कार सवार एक सेकेंड के लिए भी यह जानने के लिए नहीं रुका कि जिसे उसने टक्कर मारी है, वह जिंदा है या नहीं।
सिया ने कहा कि उन्हें ऐसे लोगों पर शर्म आती है जो यह कह रहे हैं कि मामला उनकी फैमिली तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को यह भी सोचना चाहिए कि उनके घर में भी महिलाएं हैं।
‘महिलाएं गुरुग्राम-दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षित महसूस नहीं करतीं’
सिया ने कहा कि ऐसी घटनाओं की वजह से महिलाओं को गुरुग्राम-दिल्ली की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को यह सिखाना जरूरी है कि सड़क पर गाड़ी कैसे चलानी चाहिए।
सिया खुद बाइकिंग करती हैं और 13 सितंबर को भी वह बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर Aprilia RS 457 से राइड कर रही थीं। उनके मुताबिक, कार सवार युवक बार-बार बाइक के पास आकर गलत इशारे कर रहे थे और बाइक रोकने के लिए कह रहे थे।
सिया ने बताया कि युवक उन्हें नशे में लग रहे थे, इसलिए उन्होंने बाइक नहीं रोकी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद कार सवारों ने ओवरटेक कर बाइक में साइड से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार रास्ता बदलकर फरार हो गए। यह पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई।
कौन हैं शिवानी चौहान उर्फ सिया
गुरुग्राम में कार की टक्कर से सड़क पर गिरीं शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली की रहने वाली हैं। उन्होंने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है। वह साल 2022 में दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। उनके पिता रोशन चौहान भी आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।
हादसे के बाद सिया लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष सामने रख रही हैं और सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रही हैं।
कौन है टक्कर मारने का आरोप झेल रहा कल्याण बैंसला
पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला 32 वर्षीय कल्याण बैंसला किसान परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता धीरज बैंसला किसान हैं और पहले नंबरदार भी रह चुके हैं। कल्याण शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
परिवार में उसका एक बड़ा भाई मंजित है, जो पलवल में सप्लीमेंट की दुकान चलाता है। परिवार के मुताबिक, कल्याण को बचपन से कबड्डी खेलने का शौक था। वह 12वीं कक्षा से कबड्डी खेल रहा है और स्टेट व नेशनल लेवल पर भी खेल चुका है।
कल्याण ने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की है। वह इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर होने का भी दावा करता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
2020 में शुरू की थी KBT जिम, किराया विवाद के चलते बंद
कल्याण ने साल 2020 में पलवल शहर में KBT जिम शुरू की थी। इसके लिए उसने 65 हजार रुपए महीने के किराए पर फ्लोर लिया था। हालांकि, पिछले करीब दो महीने से जिम बंद है।
किराया बकाया होने पर बिल्डिंग मालिक ने जिम पर ताला लगा दिया था। बिल्डिंग मालिक सुनील डागर के मुताबिक, कल्याण के भाई मंजित ने किराए की कुछ रकम चुका दी है। फिलहाल 2 लाख रुपए बकाया हैं।
जिम को 17 सितंबर से दोबारा शुरू करने की तैयारी थी और इसके लिए अंदर रेनोवेशन का काम भी चल रहा था।
जिस कार से हादसा हुआ, वह दोस्त की बताई जा रही
हादसे में इस्तेमाल हुई कार असावटा गांव निवासी मनीष की है। मनीष सेना में है और कल्याण उसका दोस्त है।
मनीष के चाचा करतार ने बताया कि कल्याण दो दिन पहले कार मांगकर ले गया था। घटना के बाद पुलिस उनके पास पहुंची और कार के बारे में जानकारी लेकर गई। अभी तक न तो कार वापस मिली है और न ही कल्याण से संपर्क हो पा रहा है।
पुलिस अब कल्याण के साथ-साथ कार की भी तलाश कर रही है।
परिवार ने कहा- फॉलोअर्स के लिए मामला उछाला जा रहा
कल्याण के परिवार के सदस्य नवीन बैंसला ने अलग पक्ष रखते हुए कहा कि कल्याण अपने भाई-बहनों के साथ दिल्ली रिश्तेदारों के पास गया था। रविवार सुबह वह गुरुग्राम होते हुए पलवल आ रहा था।
नवीन के मुताबिक, कल्याण ने युवती को कोई अश्लील इशारे नहीं किए। उसने युवती को धीरे चलने की बात कही थी। उनके अनुसार, यू-टर्न पर कल्याण ने लेफ्ट लिया और युवती ने राइट ले लिया, जिसकी वजह से हादसा हुआ।
परिवार का कहना है कि युवती राइडर है और उसे फॉलोअर्स चाहिए, इसलिए मामले को इतना उछाला जा रहा है। परिवार के मुताबिक, कल्याण सिर्फ सेल्फ डिफेंस में भागा था।
कल्याण का दावा- जानबूझकर टक्कर नहीं मारी
कल्याण बैंसला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कार में उसके अलावा उसकी दीदी, बुआ का बेटा और मौसी का बेटा था। उसके मुताबिक, करीब 20-22 बाइक सवार तेज रफ्तार में निकले थे।
कल्याण ने कहा कि उसे पता नहीं था कि बाइक युवती चला रही है। उसने सिर्फ बाइक स्लो चलाने को कहा था। उसके मुताबिक, यू-टर्न के पास युवती बिना शीशे में देखे मुड़ी, जिससे कार कंट्रोल नहीं हुई और टक्कर हो गई।
कल्याण ने गलती मानी, लेकिन कहा कि बाइक सवारों के गाली देने के डर से वह रुका नहीं। उसके मुताबिक, रेड लाइट पर उसने उनसे बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उसके भाई ने वहां रुकने से मना किया।
सिया के पिता बोले- पुलिस ने तेजी से संज्ञान लिया
सिया के पिता रोशन चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे इस बात से संतुष्ट हैं कि पुलिस ने मामले का बहुत तेजी से संज्ञान लिया और उस व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया और बहुत अच्छा काम किया।
Akhil Mahajan