हरियाणा में गोल्फ कोर्स तालाब में डूबे दो मासूम, मौत
गुरुग्राम के एंबिएंस आईलैंड स्थित गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे नाथूपुर गांव के रहने वाले थे।
➤ गोल्फ कोर्स तालाब में डूबे दो मासूम बच्चे
➤ एंबिएंस आईलैंड में हुआ दर्दनाक हादसा
➤ नाथूपुर गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हरियाणा के गुरुग्राम से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वीवीआईपी इलाके एंबिएंस आईलैंड में बने गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों बच्चों के शव रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तालाब से बाहर निकाले गए।
मृतक बच्चों की पहचान 11 वर्षीय और 10 वर्षीय बच्चों के रूप में हुई है। दोनों गुरुग्राम के नाथूपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात करीब 8 बजे हुआ। दोनों बच्चे शाम के समय घर से खेलने के लिए निकले थे। खेलते-खेलते वे एंबिएंस आईलैंड के अंदर बने गोल्फ कोर्स की ओर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वहां बने गहरे कृत्रिम तालाब के पास जाने के दौरान दोनों बच्चे पानी में उतर गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस और रेस्क्यू टीम पहुंची। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोल्फ कोर्स और तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने प्रशासन से मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Akhil Mahajan