गुरुग्राम में 7वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत सेफ्टी इंतजाम नहीं

गुरुग्राम के पारस स्क्वायर बिल्डिंग की 8वीं मंजिल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारण की जांच कर रही है।

गुरुग्राम में 7वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत सेफ्टी इंतजाम नहीं

गुरुग्राम में निर्माणाधीन साइट पर मजदूर की मौत
7वीं मंजिल से गिरा, सेफ्टी इंतजाम नहीं होने का आरोप
हेलमेट और नेट होते तो बच सकती थी जान


गुरुग्राम के सेक्टर-89 स्थित परीना रामा होम्स सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर बड़ा हादसा हो गया, जहां 7वीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जहांगीर अली के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के पाना गुरी गांव का रहने वाला था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूर उसे बचाने दौड़े, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जहांगीर अली 7वीं मंजिल पर काम कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे गिर गया। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग तुरंत पहुंचे और एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

सहकर्मियों ने आरोप लगाया कि साइट पर काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और सेफ्टी नेट जैसी बुनियादी सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। उनका कहना है कि अगर मजदूरों को सेफ्टी गियर दिया गया होता, तो जहांगीर अली की जान बच सकती थी। इस घटना के बाद निर्माण कंपनी और ठेकेदार की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक परीना कंपनी या ठेकेदार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि साइट पर सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

बताया जा रहा है कि जहांगीर अली विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। वह निर्माणाधीन साइट के पास ही रहता था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। इस हादसे के बाद मजदूरों में रोष है और वे निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।