अब हरियाणा और पंजाब में धमाके, तीन घायल, पांच हिरासत में
गुरदासपुर और सिरसा में पुलिस थानों के बाहर धमाके, तीन घायल। सिरसा में पांच आरोपी हिरासत में। केएलए ने जिम्मेदारी ली, पुलिस ने पोस्ट को फर्जी बताया।
-
गुरदासपुर और सिरसा में थानों के बाहर धमाके
-
गुरदासपुर में तीन घायल; सिरसा में पांच आरोपी हिरासत में
-
केएलए ने जिम्मेदारी ली, पुलिस ने पोस्ट को फर्जी बताया
पंजाब के बॉर्डर जिले गुरदासपुर और हरियाणा के सिरसा में पुलिस थानों के बाहर हुए धमाकों ने दहशत फैला दी। गुरदासपुर में हुए धमाके में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। वहीं सिरसा में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। धमाकों के तुरंत बाद पुलिस, एसटीएफ, सीआईए और बम स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाया गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया।
गुरदासपुर पुलिस ने इस धमाके को एक ट्रक का टायर फटने का मामला बताया। हालांकि घायल महिलाएं और लोग दावा कर रहे हैं कि धमाका होते ही चारों तरफ धुआं फैल गया और चोटें टायर फटने जैसी नहीं लगतीं। घायलों सपना शर्मा, अनु बाला और राजेश कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। राजेश कुमार की आंख में चोट लगने पर उन्हें चंडीगढ़ रेफर किया गया।
उधर सिरसा धमाके को पुलिस ने ग्रेनेड हमला बताया है। इसमें पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पूरे क्षेत्र में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (केएलए) की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। वायरल पोस्ट में लिखा गया कि जब तक हिंदू खालिस्तान के खिलाफ बोलते रहेंगे, ग्रेनेड हमले जारी रहेंगे। हालांकि पुलिस ने इस पोस्ट को फर्जी बताया है और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कांग्रेस विधायक बरिंदरमीत पाहड़ा ने घायलों से मुलाकात कर सरकार और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एसएसपी आदित्य ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी।
Author1