सोना 1000 रुपये से ज्यादा सस्ता, चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। 24 कैरेट सोना 1040 रुपये सस्ता हुआ, जबकि चांदी के दाम में भी कमी आई है।
सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सोना 1040 रुपये तक सस्ता हुआ
24 कैरेट सोना 1,51,800 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,39,050 रुपये पर पहुंचा
ईरान-इजरायल तनाव में राहत, मजबूत डॉलर और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से कीमतों पर दबाव
देश के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। 9 जून 2026 को सोना करीब 1000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया, जबकि चांदी की कीमतों में भी 500 से 1000 रुपये प्रति किलोग्राम तक की कमी देखने को मिली है।
ग्लोबल मार्केट में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की बदली रणनीति का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आई गिरावट के बाद मंगलवार सुबह एमसीएक्स (MCX) और रिटेल बाजारों में कीमती धातुओं के दाम कमजोर रहे।
आज जारी ताजा रेट के अनुसार 24 कैरेट सोना 1,51,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। यह पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले 1,040 रुपये सस्ता हुआ है। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,39,050 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जिसमें 950 रुपये की गिरावट आई है।
इसके अलावा 18 कैरेट सोना भी सस्ता हुआ है। इसका भाव 1,13,850 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है, जो पिछले दिन के मुकाबले 780 रुपये कम है।
चांदी की कीमतों में भी कमजोरी बनी हुई है। सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 2,59,900 से 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच कारोबार कर रहा है। वहीं खुदरा बाजार में 10 ग्राम चांदी की कीमत 260 से 270 रुपये के बीच बनी हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कई वैश्विक कारण जिम्मेदार हैं। ईरान और इजरायल के बीच तनाव में अस्थायी राहत मिलने से निवेशकों का सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव कम हुआ है। युद्ध की आशंका घटने के बाद निवेशकों ने सोने और चांदी से पैसा निकालना शुरू कर दिया है।
इसके अलावा अमेरिकी 10 वर्षीय ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड दो सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गई है। जब बॉन्ड पर बेहतर रिटर्न मिलता है तो निवेशक सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश से दूरी बनाने लगते हैं, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ता है।
वहीं डॉलर इंडेक्स में मजबूती का भी असर कीमती धातुओं पर पड़ा है। मजबूत डॉलर के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग कमजोर हुई है और इसके चलते कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक संकेतकों, डॉलर की चाल और भू-राजनीतिक घटनाक्रम के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
pooja