पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गो‍ली, हालत नाजुक, 12 पन्नों का नोट, 8.10 करोड़ ठगी का दावा

पंजाब पुलिस के पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। 12 पन्नों के सुसाइड नोट में 8.10 करोड़ की साइबर ठगी का दावा किया गया है।

पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद  को मारी गो‍ली, हालत नाजुक,  12 पन्नों का नोट, 8.10 करोड़ ठगी का दावा
  • पंजाब पुलिस के पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की
  • 12 पन्नों का सुसाइड नोट मिला, 8.10 करोड़ की साइबर ठगी का दावा
  • पटियाला के निजी अस्पताल में गंभीर हालत, पुलिस जांच में जुटी


पंजाब पुलिस के पूर्व महानिरीक्षक अमर सिंह चहल द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। इस घटना से पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। गंभीर रूप से घायल पूर्व अधिकारी को तुरंत पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमर सिंह चहल ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया। पटियाला के एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।

पुलिस को घटनास्थल से 12 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जो पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव कपूर के नाम लिखा गया है। नोट में पूर्व आईजी ने लिखा है कि वे 8.10 करोड़ रुपये की बड़ी साइबर ठगी का शिकार हुए थे। माना जा रहा है कि इसी आर्थिक नुकसान और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

अमर सिंह चहल का नाम पहले भी विवादों में रहा है। वे 2015 के फरीदकोट फायरिंग मामले में आरोपियों में शामिल रहे हैं। फरवरी 2023 में एसआईटी द्वारा दाखिल चार्जशीट में उनका नाम पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी और आईजी परमराज सिंह उमरानंगल के साथ शामिल था।

पटियाला पुलिस अब सुसाइड नोट में किए गए दावों की गहन जांच कर रही है। खासतौर पर साइबर ठगी के एंगल पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस तरह एक पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को इतनी बड़ी ठगी का शिकार बनाया गया।