बेटे की जमीन मांग तो मिली मौत: पिता-भाई ने ₹1.20 लाख सुपारी देकर कराई हत्या
फतेहाबाद में युवक की कस्सी मारकर हत्या के मामले में पिता और भाई गिरफ्तार। जमीन विवाद में 1.20 लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या।
जमीन विवाद में पिता और भाई ने ही रची बेटे की हत्या की साजिश
गांव के दो लोगों को 1.20 लाख की सुपारी देकर कस्सी से कत्ल कराया
शादी से पहले अलग रहने की जिद बना हत्या की वजह
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में कस्सी मारकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक के पिता और बड़े भाई को ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवक शादी के बाद अपने हिस्से की जमीन लेकर अलग रहना चाहता था, जिससे परिवार में विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार मृतक जगविंद्र सिंह (28) का कुछ दिन पहले ही रिश्ता तय हुआ था और करीब पांच महीने बाद उसकी शादी होनी थी। परिवार के पास कुल 23 एकड़ जमीन है। दो भाइयों में छोटा होने के कारण जगविंद्र के हिस्से करीब साढ़े 11 एकड़ जमीन आती थी। वह अपनी प्रेमिका से शादी कर अलग घर बसाना चाहता था। इसी बात से पिता अवतार सिंह और बड़ा भाई तरनजीत सिंह नाराज थे।
जमीन विवाद के चलते दोनों ने करीब 20 दिन पहले हत्या की साजिश रची। उन्होंने गांव के ही चमकौर सिंह और अवतार सिंह उर्फ गग्गू को 1 लाख 20 हजार रुपए की सुपारी देकर हत्या के लिए तैयार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि सुपारी की रकम पहले ही दे दी गई थी।
हत्या के लिए 18 जनवरी का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि गांव में शादी समारोह था और अधिकतर लोग वहां गए हुए थे। इसी दौरान जगविंद्र खेतों की ओर गया। मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने महमदकी गांव के खेतों में बने कमरे में कस्सी से उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद पिता अवतार सिंह ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पहले करंट लगने से मौत की बात कही। हालांकि गांव के लोगों को पिता और भाई की भूमिका पर शक हुआ। रतिया सदर थाना पुलिस ने जब दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी साजिश सामने आ गई।
ASP दिव्यांशी सिंगला के अनुसार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Akhil Mahajan