फतेहाबाद में गैस सिलेंडर संकट पर हाईवे जाम, एक घंटे तक लगा जाम सिलेंडर न मिलने से भड़के लोग

फतेहाबाद के रतिया में गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने स्टेट हाईवे जाम कर दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद एक घंटे में जाम खुला।

फतेहाबाद में गैस सिलेंडर संकट पर हाईवे जाम, एक घंटे तक लगा जाम  सिलेंडर न मिलने से भड़के लोग

गैस सिलेंडर की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने रतिया-बुढलाडा हाईवे किया जाम
सुबह 6:30 से 7:30 बजे तक एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित
प्रशासन के आश्वासन के बाद शाम तक सप्लाई आने की बात पर खुला जाम

गैस संकट ने सड़कों पर उतारे लोग, एक घंटे जाम से थमी रफ्तार


फतेहाबाद जिले के रतिया में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने गुरुवार सुबह हालात को तनावपूर्ण बना दिया। कई दिनों से सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने रतिया-बुढलाडा स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। सुबह करीब 6:30 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन एक घंटे तक जारी रहा, जिससे फतेहाबाद से पंजाब के बुढलाडा जाने वाले मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें सिलेंडर मिल रहा है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग सुबह 4 बजे से ही लाइनों में लग रहे हैं, फिर भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। अनिल कुमार, दयाल राम, मोहित और अमित समेत कई उपभोक्ताओं ने कहा कि जब तक उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाया जाएगा, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़।

जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रशविंदर सिंह, रतिया सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग और सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पहले गैस एजेंसी संचालक से सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली और फिर प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि शाम तक गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंच जाएगी और इसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी। इस आश्वासन के बाद उपभोक्ताओं ने करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया।

इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लगने से वाहन चालकों और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेते नजर आए।प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं को समझाती रतिया शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग।

वहीं, गैस एजेंसी संचालक रामनिवास ने सफाई देते हुए कहा कि पीछे से सप्लाई नहीं आ रही है, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले दिन तक गैस की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।