छात्रा पर गोली चलाने वाले जतिन पुलिस पर भी बरसाई गोलियां, जवाबी फायरिंग में हुआ घायल
फरीदाबाद में छात्रा पर गोली चलाने वाला जतिन मंगला पुलिस पर फायरिंग करते हुए घायल हुआ। क्राइम ब्रांच की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।
-
फरीदाबाद में छात्रा पर फायरिंग करने वाला जतिन मंगला पुलिस पर भी चलाई गोली
-
क्राइम ब्रांच की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
-
हथियार बरामद, आरोपी अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में नाबालिग छात्रा पर गोली चलाने वाले आरोपी जतिन मंगला ने पुलिस पर भी फायरिंग कर दी। घटना उस वक्त हुई जब क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए उसके गांव सर्मथला से कबूलपुर लेकर गई थी।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि आरोपी ने मौके पर अचानक देसी कट्टा निकालकर पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू में कर लिया गया।
क्राइम ब्रांच यूनिट-65 की टीम ने आरोपी जतिन को बुधवार सुबह सुनपेड़ के पास शाहपुरा गांव से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने एक और हथियार खेत में ईंटों के नीचे छिपा रखा है। जब टीम उसे सेक्टर 58 के कबूलपुर लेकर पहुंची, तो उसने मौके पर देसी कट्टा निकाल पुलिस पर तान दिया और फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसे चेतावनी दी, पर भागने की कोशिश पर गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।
घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर है। पुलिस ने आरोपी से देसी कट्टा और अन्य हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
बता दें कि जतिन मंगला ने सोमवार शाम बल्लभगढ़ की श्याम कॉलोनी में 12वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा पर गोली चलाई थी। वह छात्रा अपनी सहेलियों के साथ लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, जब आरोपी ने बात करने से मना करने पर गोली चला दी। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोहना थाना क्षेत्र के सर्मथला गांव का निवासी है और एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट अकाउंटेंट के रूप में काम करता था। उसकी मुलाकात 2024 में लाइब्रेरी में हुई थी, जिसके बाद वह युवती को लगातार परेशान कर रहा था।
युवती के बार-बार मना करने पर भी वह पीछा करता रहा। आरोपी ने कई सिम कार्ड खरीदे, अलग-अलग नंबर से फोन कॉल और एसएमएस के जरिए परेशान करता रहा। पीड़िता के परिवार ने उसकी शिकायत आरोपी के घरवालों से भी की थी, जिन्होंने माफी मांगी थी, लेकिन कुछ दिनों बाद ही उसने फायरिंग की वारदात को अंजाम दे दिया।
25 साल पहले उसके पिता की मौत हो चुकी है। मां सरमथला गांव में परचून की दुकान चलाती हैं। आरोपी अपनी मां के साथ वहीं रहता था। गांव के लोगों के अनुसार जतिन शांत स्वभाव का था, लेकिन इस वारदात से सभी हैरान हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पर हत्या के प्रयास, पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने की धाराओं में केस दर्ज किया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Author1