स्कूल में बिरायानी खाने पर छात्रा को चार घंटे धूप में खड़ा करने की सजा! आहत छात्रा छत से कूदी, मौत
फरीदाबाद में वेज बिरयानी को लेकर विवाद के बाद 11वीं की छात्रा जानवी की मौत हो गई। पिता ने चार घंटे सजा देने का आरोप लगाया, स्कूल ने इनकार किया।
➤ 11वीं की छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाई
➤ पिता का आरोप- बिरयानी खाने पर चार घंटे क्लास से बाहर खड़ा रखा
➤ स्कूल प्रबंधन ने सजा देने के आरोप से किया इनकार, पुलिस जांच में जुटी
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा जानवी ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। स्कूल स्टाफ उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने जानवी को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।
जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक टीचर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को पनिशमेंट के तौर पर करीब चार घंटे तक क्लास से बाहर खड़ा रखा गया था। पिता के अनुसार, इसी वजह से जानवी आहत हुई और उसने यह कदम उठाया। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, मामला क्लास में बिरयानी खाने को लेकर शुरू हुआ था।
हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने छात्रा को किसी तरह की सजा दिए जाने के आरोप को पूरी तरह खारिज किया है। स्कूल के प्रिंसिपल आरपी शर्मा का कहना है कि जानवी को कोई पनिशमेंट नहीं दी गई थी। उनके अनुसार, छात्रा वॉशरूम जाने की बात कहकर क्लास से बाहर निकली थी और इसके बाद तीसरी मंजिल पर पहुंच गई।
पिता का आरोप- छात्राओं की बहस में जानवी का कोई रोल नहीं था
जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। जानवी 11वीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि उसका छोटा भाई आर्य भी इसी स्कूल में पढ़ता है।
पिता का दावा है कि स्कूल के ही कुछ बच्चों ने उन्हें बताया कि मंगलवार को स्कूल में कुछ छात्राओं के बीच आपस में बहस हुई थी। यह भी सामने आ रहा है कि क्लास में वेज बिरयानी खाने को लेकर मामला शुरू हुआ था।
प्रमोद कुमार के अनुसार, इस घटना में उनकी बेटी का कोई रोल नहीं था। इसके बावजूद टीचर ने जानवी को सजा दी। पिता का आरोप है कि उसे करीब चार घंटे तक धूप में खड़ा करके रखा गया, जिससे वह काफी आहत थी।
परिवार का कहना है कि इसी घटना के बाद जानवी ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाई।
दोपहर करीब 2 बजे के बाद तीसरी मंजिल पर पहुंची छात्रा
जानवी स्कूल की तीसरी मंजिल पर कब और किस तरह पहुंची, इसे लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि जानवी क्लास में थी और वॉशरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी। इसके बाद वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई और वहां से छलांग लगा दी।
वहीं, दूसरी ओर यह भी जानकारी सामने आ रही है कि दोपहर करीब 2 बजे स्कूल की छुट्टी हुई थी। छुट्टी के दौरान बच्चे बाहर की ओर जाने लगे, लेकिन जानवी तीसरी मंजिल की तरफ चली गई। कुछ देर बाद वहां से धड़ाम की आवाज आई। इसके बाद छात्रा लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी मिली।
स्कूल स्टाफ ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मां अस्पताल में बेटी को बचाने की गुहार लगाती रही
जानवी को अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह अपनी बेटी को बचाने की गुहार लगाती रही और कहती रही कि मेरी बेटी को बचा लो, ये ठीक हो जाएगी।
इस घटना के बाद परिवार में गहरा दुख है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्कूल प्रबंधन ने सजा देने के आरोपों को बताया गलत
स्कूल के प्रिंसिपल आरपी शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि जानवी को किसी भी तरह की सजा नहीं दी गई थी।
प्रधानाचार्य के मुताबिक, जानवी ने क्लास में वॉशरूम जाने की बात कही थी और इसके बाद वह बाहर चली गई। बाद में वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
प्रिंसिपल ने बताया कि घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की और परिजनों को भी तुरंत छात्रा के कूदने की सूचना दी गई।
अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि छात्रा तीसरी मंजिल तक किस परिस्थिति में पहुंची और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों की शिकायत का इंतजार
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची, जहां छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, अभी इतनी जानकारी सामने आई है कि छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाई है। परिजनों की ओर से अभी शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद उसके आधार पर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस छात्रा के परिजनों और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। छात्रा को सजा दिए जाने और बिरयानी खाने से जुड़े आरोपों की भी जानकारी जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।
Akhil Mahajan