फरीदाबाद में धुंध का कहर, एक्सप्रेसवे पर दो की मौत, खड़े कंटेनर में घुसी फोर्ड एंडेवर, भीषण हादसा

फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घनी धुंध के कारण फोर्ड एंडेवर खड़े कंटेनर में घुस गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फरीदाबाद में धुंध का कहर, एक्सप्रेसवे पर दो की मौत, खड़े कंटेनर में घुसी फोर्ड एंडेवर, भीषण हादसा

• फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर धुंध के कारण भीषण हादसा
• खड़े कंटेनर में घुसी फोर्ड एंडेवर, दो लोगों की मौत
• विजिबिलिटी 20 मीटर, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह



फरीदाबाद जिले में सोमवार सुबह घनी धुंध के चलते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब आठ बजे सीकरी के पास तेज रफ्तार फोर्ड एंडेवर गाड़ी खड़े कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह के समय फरीदाबाद में घनी धुंध छाई हुई थी और विजिबिलिटी महज 20 मीटर तक सिमट गई थी। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से मथुरा रोड की ओर उतरते समय फोर्ड एंडेवर गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। एक्सप्रेसवे से उतरने वाले रास्ते पर एक बड़ा कंटेनर खड़ा था, जिसमें तकनीकी खराबी बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्सप्रेसवे से उतरते समय फोर्ड एंडेवर की रफ्तार काफी तेज थी। घनी धुंध के कारण ड्राइवर को सड़क पर खड़ा कंटेनर दिखाई नहीं दिया और गाड़ी सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अगला हिस्सा कंटेनर के पिछले भाग में घुस गया।

हादसे के दौरान गाड़ी के एयरबैग भी खुल गए, लेकिन इसके बावजूद कार में सवार दो लोगों की जान नहीं बच सकी। सूचना मिलते ही सीकरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को गाड़ी से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों में से एक की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो जयपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कंटेनर के खड़े होने की वजहों की भी पड़ताल की जा रही है।