तेज रफ्तार बाइक का कहर, बुजुर्ग ICU में सड़क पार करते बुजुर्ग को मारी टक्कर
फरीदाबाद में तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। CCTV में आरोपी की सच्चाई सामने आई, जबकि बुजुर्ग ICU में भर्ती हैं।
■ तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल
■ CCTV में सामने आया सच, अस्पताल में झूठ बोलकर फरार हुआ राइडर
■ ICU में भर्ती, कई फ्रैक्चर; पुलिस अब तक आरोपी तक नहीं पहुंची
फरीदाबाद जिले के खेड़ी थाना क्षेत्र स्थित नहर पार भारत कॉलोनी गली नंबर-2 में तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बुजुर्ग को कई जगह चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक होने के चलते ICU में एडमिट किया गया है।घायल बुजुर्ग की पहचान ओल्ड फरीदाबाद के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी उत्तर कुमार के रूप में हुई है, जो भारत कॉलोनी में एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं। उनके बेटे प्रमोद कुमार के अनुसार, 31 मार्च को उनके पिता सड़क पार कर दुकान की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार उन्हें अस्पताल तो लेकर गया, लेकिन वहां उसने झूठी कहानी गढ़ दी कि बुजुर्ग को किसी ऑटो ने टक्कर मारी है।
प्रमोद कुमार ने बताया कि अस्पताल में सूचना मिलने पर जब वे पहुंचे, तो बाइक सवार ने उन्हें यही कहानी बताई और मौके से फरार हो गया। हालांकि, जब उन्होंने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की, तो सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में साफ दिखा कि उसी बाइक सवार ने टक्कर मारी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत खेड़ी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।हादसे के दौरान टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग को कई जगह फ्रैक्चर हो गए और गंभीर चोटें आईं। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और वे ICU में इलाजरत हैं। परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है और कहा है कि अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।खेड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी बाइक सवार की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।
shubham