5 साल की बच्ची की हत्या, झाड़ियों में मिला शव
फरीदाबाद में 5 साल की बच्ची की हत्या कर झाड़ियों में फेंका गया शव। 9 घंटे की पुलिस तलाश के बाद CCTV से मिला सुराग, पड़ोसी किराएदार गिरफ्तार। पुलिस पूछताछ जारी।
• फरीदाबाद में 5 साल की बच्ची की हत्या, झाड़ियों में मिला शव
• 9 घंटे तक 4 थानों की पुलिस खोजती रही, CCTV में आया सुराग
• पड़ोसी किराएदार निकला कातिल, CIA टीम ने गिरफ्तार किया
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 5 साल की मासूम बच्ची की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बच्ची सोमवार शाम अचानक घर से लापता हो गई थी। परिवार और पुलिस ने लगातार 9 घंटे तक तलाश की, लेकिन देर रात उसका शव एक फार्महाउस के पीछे झाड़ियों में बरामद किया गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।
बच्ची की पहचान अनीशा पुत्री प्रमोद, निवासी हरकेश नगर, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। वह एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी की छात्रा थी और तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। सोमवार शाम 4:30 बजे वह घर से नीचे आई और इसके बाद अचानक गायब हो गई। परिवार के लोगों ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन जब दो घंटे तक वह नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
तलाश के दौरान एक मेडिकल स्टोर के CCTV कैमरे में बच्ची अपने ही पड़ोस में रहने वाले किराएदार पिंटू (36) के साथ हाथ पकड़कर जाते हुए दिखी। पिंटू का फोन बंद मिला, जिससे परिवार और पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद पल्ला थाना, सेंट्रल थाना, खेड़ी थाना और सराय थाना की पुलिस टीमों के साथ CIA यूनिट को भी लगा दिया गया।
लगभग रात 9 बजे पुलिस ने आरोपी पिंटू को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बच्ची को ले जाने की बात कबूल कर ली और पुलिस को एक स्थान बताया। पुलिस टीम आरोपी के बताए अनुसार रात करीब 1 बजे तिलपत रोड के एक फार्महाउस के पीछे झाड़ियों में पहुंची, जहां बच्ची का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी बिहार का रहने वाला है और शादीशुदा है, उसका परिवार वहीं रहता है। वह अकेला रह रहा था और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। बच्ची के परिजनों ने कहा कि पिंटू बच्चों के साथ घुला-मिला रहता था और कभी शक नहीं हुआ कि वह ऐसी वारदात कर सकता है।
पुलिस अब पूछताछ कर रही है कि उसने ऐसी भयावह घटना को अंजाम क्यों दिया। स्थानीय लोग घटना के बाद गुस्से में हैं और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
Author1