गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों की मौत से सनसनी, तालाब में मिले शव
दिल्ली के द्वारका गोल्फ कोर्स में तालाब से तीन बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार बच्चे डूबने से मरे, पहचान और जांच जारी है।
➤ गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चों के शव मिलने से हड़कंप
➤ चारदीवारी कूदकर अंदर घुसने और नहाने के दौरान हादसे की आशंका
➤ पहचान नहीं हो पाई, पुलिस जांच में जुटी
राजधानी दिल्ली के Dwarka इलाके में स्थित गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है, जब एक तालाब में तीन बच्चों के डूबने की सूचना पुलिस को मिली। इस दर्दनाक घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:07 बजे Delhi Police को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही सेक्टर-23 थाने के एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कराया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पाया गया कि करीब 8 से 10 वर्ष की उम्र के तीन बच्चे तालाब में डूबे हुए थे। फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिनकी मदद से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े भी बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे गोल्फ कोर्स की चारदीवारी कूदकर अंदर दाखिल हुए थे और संभवतः नहाने के लिए तालाब में उतरे, जहां यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक बच्चों की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के इलाकों से गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट भी सामने नहीं आई है। पुलिस पहचान स्थापित करने और परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Akhil Mahajan