सीएम सैनी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, कई मुद्दों पर चर्चा अंबाला दौरे की तैयारी

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक में अंबाला दौरे, शहीद स्मारक उद्घाटन और पंजाब-बंगाल चुनाव रणनीति पर चर्चा हुई।

सीएम सैनी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, कई मुद्दों पर चर्चा अंबाला दौरे की तैयारी

सीएम नायब सैनी ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात
अंबाला दौरे और शहीद स्मारक उद्घाटन पर चर्चा
पंजाब-बंगाल चुनाव को लेकर भी हुआ मंथन


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस अहम बैठक में दोनों नेताओं के बीच कई राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर प्रधानमंत्री के संभावित अंबाला दौरे और वहां प्रस्तावित शहीद स्मारक के उद्घाटन को लेकर बातचीत प्रमुख रही।

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री जल्द ही हरियाणा के अंबाला का दौरा कर सकते हैं, जहां वे शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा बैठक में आगामी पंजाब और पश्चिम बंगाल के चुनावों को लेकर रणनीतिक मंथन भी किया गया। इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलते हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी। - Dainik Bhaskar

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की व्यस्त मीटिंग्स के बीच अचानक दिल्ली से बुलावा आने पर सीएम सैनी को अपना कार्यक्रम बदलना पड़ा। पहले उनका शेड्यूल पश्चिम बंगाल दौरे का था, लेकिन उसे रद्द कर वे चंडीगढ़ में रुके और फिर अचानक दिल्ली रवाना हो गए। उनके इस दौरे को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है

राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि सीएम सैनी को आगामी पंजाब चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। हरियाणा में बीजेपी की जीत के बाद वे पार्टी के मजबूत चेहरों में गिने जा रहे हैं और पिछले एक महीने में वे लगातार पंजाब के दौरे कर रहे हैं।

सीएम सैनी अब तक 35 से ज्यादा बार पंजाब का दौरा कर चुके हैं, जहां वे न सिर्फ पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं, बल्कि आम जनता के बीच जाकर संवाद भी स्थापित कर रहे हैं। वे कई मौकों पर केसरिया पगड़ी पहनकर और पंजाबी-हरियाणवी मिश्रित भाषा में संवाद करते हुए नजर आए हैं, जिससे उनकी पकड़ और प्रभाव को बढ़ाने की कोशिश दिखाई देती है।

भाजपा के अंदर उन्हें एक ‘फोर्स मल्टीप्लायर’ के तौर पर देखा जा रहा है, जो हरियाणा के साथ-साथ पंजाब में भी पार्टी को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि खुद सैनी का कहना है कि वे एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में ही पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

इस मुलाकात के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पीएम मोदी का अंबाला दौरा तय होता है और पंजाब चुनाव में सैनी को क्या भूमिका दी जाती है