हरियाणा में सनसनीखेज वारदात : पूर्व पार्षद ने की अपने डाक्‍टर दोस्‍त की निर्मम हत्‍या कर,शव गंगा में फैंका,पढ़ें चौंकाने वाला मामला

हरियाणा के नूंह में डॉक्टर विनोद गोयल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी पूर्व पार्षद दोस्त ने 40-45 लाख रुपए के विवाद में हत्या कबूल की और शव गंगा नदी में बहाया। पुलिस जांच जारी।

हरियाणा के नूंह में डॉक्टर विनोद गोयल की हत्या का खुलासा
पूर्व पार्षद दोस्त ने 40-45 लाख रुपए के विवाद में गला घोंटकर मारा
शव हरिद्वार में गंगा नदी में बहाया, पुलिस कर रही तलाश



हरियाणा के नूंह जिले में मशहूर डॉक्टर विनोद गोयल की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया है। शुरुआती तौर पर यह मामला गुमशुदगी का लगा, लेकिन पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया। जानकारी के अनुसार, डॉक्टर गोयल का शव हत्या के बाद हरिद्वार की गंगा नदी में बहा दिया गया ताकि इसे सुसाइड दिखाया जा सके।

डॉ. विनोद गोयल पुन्हाना शहर में गोयल नर्सिंग होम चलाते थे। वे 28 अगस्त को अचानक लापता हो गए। उसी दिन उनके मोबाइल से कंपाउंडर को मैसेज आया कि वे 10-15 दिन के लिए बाहर जा रहे हैं और इस बारे में किसी को न बताएं। परिवार और स्टाफ ने पहले इसे सामान्य माना, लेकिन 5-6 दिन तक कोई संपर्क न होने पर शक गहरा गया। परिजनों ने 3 सितंबर को पुन्हाना सिटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने जब मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली तो डॉक्टर की अंतिम लंबी बातचीत उनके जिगरी दोस्त और पूर्व पार्षद दीपक राजस्थानी से पाई गई। पुलिस ने दीपक को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से 40-45 लाख रुपए का लेनदेन विवाद चल रहा था।

दीपक ने माना कि 28 अगस्त को उसने डॉक्टर को उनकी कार में ही रस्सी से गला दबाकर मार डाला। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर शव को हरिद्वार ले जाकर गंगा नदी में बहा दिया। हत्या से पहले दीपक ने डॉक्टर के मोबाइल से कंपाउंडर को मैसेज भी किया ताकि शक न हो।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस हत्या में दीपक के अलावा और भी लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं, परिजन और स्थानीय विधायक मोहम्मद इलियास व पूर्व विधायक नसीम अहमद थाना पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजन बार-बार यह गुहार लगा रहे हैं कि जल्द से जल्द डॉक्टर की डेडबॉडी बरामद की जाए।

थाना प्रभारी राजेश का कहना है कि पानी के तेज बहाव के कारण शव की तलाश में मुश्किलें आ रही हैं, लेकिन पुलिस पूरी कोशिश कर रही है। फिलहाल मामला गहराता जा रहा है और लोगों में रोष है कि अपने ही करीबी दोस्त ने लालच और विवाद में एक डॉक्टर की जान ले ली।