हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत बनी रहस्य, कई सवाल अनसुलझे

हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत रहस्य बनी हुई है। परिवार ने हार्ट अटैक बताया, जबकि कलाकारों ने काम और आर्थिक तनाव को कारण बताया है।

हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत बनी रहस्य, कई सवाल अनसुलझे

हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत बनी रहस्य
कलाकार बोले- काम और फाइनेंशियल प्रेशर में थीं
पोस्टमार्टम नहीं हुआ, परिवार ने हार्ट अटैक से मौत बताई


हरियाणा की उभरती कलाकार दिव्यांका सिरोही की अचानक मौत अब एक डेथ मिस्ट्री बन गई है। उनके करीबी कलाकारों और जानकारों के अनुसार, दिव्यांका पिछले कुछ समय से काम न मिलने और आर्थिक समस्याओं को लेकर तनाव में थीं।

बताया जा रहा है कि दिव्यांका सिरोही ने हाल ही में गुरुग्राम छोड़कर गाजियाबाद में अपने घर पर रहना शुरू कर दिया था। वह लगातार अपने जानकारों से काम के लिए संपर्क में थीं और करीब 15-20 दिन पहले किसी दोस्त से आर्थिक मदद भी मांगी थी। उनका आखिरी लाइव शो सिरसा में हुआ था।

मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार का कहना है कि दिव्यांका को कमरे में हार्ट अटैक आया, जिससे वह गिर गईं और सिर में अंदरूनी चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, इस पूरे मामले में न तो पोस्टमार्टम कराया गया और न ही पुलिस को सूचना दी गई, जिससे रहस्य और गहरा गया है। मंगलवार रात घटना के बाद बुधवार सुबह ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

कर्ण चौटाला व कलाकारों की ओर से दिव्यांका को लेकर सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट

इस मामले में परिवार ने किसी पर भी कोई आरोप या संदेह नहीं जताया है। वहीं, कई कलाकारों का कहना है कि उन्हें मौत की सूचना समय पर नहीं दी गई, जिसके कारण वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।

दिव्यांका ने हाल ही में हरियाणवी कलाकार बिंदर दिनौदा के साथ फिल्म "अंगद" की शूटिंग पूरी की थी, जिसकी रिलीज अभी बाकी है। उन्होंने अपने करियर में "बटेऊ हरियाणा तै", "कंगन भोली के", "बदमाशां का ब्याह", "विलेन अगेन" और "9 राउंड विलेन रहण दै" जैसे गानों में काम किया था।

दिव्यांका अंगद फिल्म की शूटिंग के दौरान बिंदर दनौदा के साथ।

उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, केडी, खासा आला चाहर और अन्य कलाकारों के साथ भी काम किया था। सोशल मीडिया और टिकटॉक के जरिए उन्होंने कम समय में अच्छी लोकप्रियता हासिल कर ली थी।

दिव्यांका के भाई दीपांशु के अनुसार, घटना के समय वह कमरे में अकेली थीं। जब परिवार के सदस्य अंदर पहुंचे, तो वह बेहोश पड़ी थीं। उन्होंने बताया कि स्ट्रेस को लेकर कभी खुलकर बातचीत नहीं हुई और परिवार इस मामले में ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहता।

हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोह का फाइल फोटो।

वहीं, बिंदर दिनौदा ने कहा कि दिव्यांका एक समर्पित और गंभीर कलाकार थीं, लेकिन काम और फाइनेंस को लेकर परेशान रहती थीं। हरियाणवी फिल्म प्रोड्यूसर रविंद्र बाजवान ने भी उनके निधन को इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका बताया।

इस पूरे मामले में मौत के कारणों को लेकर कई सवाल अनसुलझे हैं, जिससे यह घटना अब एक रहस्य बनती जा रही है।