बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का तूफान, तीसरे दिन ही 500 करोड़ क्लब में एंट्री
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने रिलीज के तीन दिन में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर रिकॉर्ड बना दिया। फिल्म ने पहले शनिवार को कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।
■ धुरंधर 2 ने 3 दिन में दुनियाभर में ₹500 करोड़ पार किए
■ तीसरे दिन ₹113 करोड़ की रिकॉर्ड कमाई, कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ा
■ रणवीर सिंह की फिल्म को देश-विदेश में जबरदस्त रिस्पॉन्स
धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए रिलीज के महज तीन दिनों में ही दुनियाभर में 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने तीसरे दिन यानी शनिवार को भारत में 113 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने पेड प्रीव्यू समेत भारत में अब तक 339.27 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है, जबकि ओवरसीज मार्केट में करीब 96.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 501.04 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
सबसे खास बात यह रही कि फिल्म ने पहले शनिवार की कमाई के मामले में पुष्पा 2, जवान, दंगल और बाहुबली 2 जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।तीसरे दिन फिल्म की 81.6% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई और कुल 20,917 शोज में इसे शानदार रिस्पॉन्स मिला। हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 105 करोड़ रुपए कमाए, जबकि तेलुगु और तमिल वर्जन का कलेक्शन क्रमशः 5 करोड़ और 2.95 करोड़ रुपए रहा।
पहले शनिवार की कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2’ हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। इससे पहले पुष्पा 2 ने 73.50 करोड़, जवान ने 68.72 करोड़ और पठान ने 51.50 करोड़ का कलेक्शन किया था।
‘धुरंधर 2’ की इस जबरदस्त शुरुआत के पीछे इसके पहले पार्ट धुरंधर की सफलता भी बड़ी वजह मानी जा रही है। पहले पार्ट ने दुनियाभर में करीब 1307 करोड़ रुपए का कारोबार किया था और यह हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही थी।
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, खासकर अमेरिका और कनाडा में इसने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी।
shubham