कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारी में खेल मंत्रालय का बड़ा कदम
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारियों को मजबूत करने के लिए खेल मंत्रालय राष्ट्रीय खेल संघों में आईटी सलाहकार नियुक्त करेगा। इससे खेल संचालन और डिजिटल सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारी में खेल मंत्रालय का बड़ा कदम
राष्ट्रीय खेल संघों में नियुक्त होंगे आईटी सलाहकार
डिजिटल सिस्टम मजबूत कर खिलाड़ियों और खेल संचालन में होगा बेहतर तालमेल
भारत में खेलों के आधुनिक संचालन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारियों को मजबूत करने के लिए खेल मंत्रालय अब राष्ट्रीय खेल संघों (NSF) में आईटी सलाहकारों की नियुक्ति करेगा।
खेल मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि यह पहल राष्ट्रीय खेल डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र (NSDE) के तहत की जा रही है। इसका उद्देश्य खेल संघों की डिजिटल क्षमता को बढ़ाना और बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है।
मंत्रालय के अनुसार, अहमदाबाद में प्रस्तावित 2030 राष्ट्रमंडल खेलों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा। इससे खिलाड़ियों के डेटा प्रबंधन, प्रतियोगिता संचालन, प्रशिक्षण निगरानी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
हालांकि मंत्रालय ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि प्रत्येक राष्ट्रीय खेल संघ में कितने आईटी प्रोफेशनल्स नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा नियुक्ति की समय-सीमा और चयन प्रक्रिया को लेकर भी विस्तृत जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।
खेल मंत्रालय वर्तमान में देश के 40 से अधिक राष्ट्रीय खेल संघों को मान्यता देता है। ऐसे में यह पहल भारतीय खेल ढांचे को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल सिस्टम मजबूत होने से खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस ट्रैकिंग, चयन प्रक्रिया और खेल प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ेगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल आयोजन कराने में भी मदद मिलेगी।
हाल के वर्षों में भारत ने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल तकनीक पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार की कोशिश है कि देश भविष्य में बड़े वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 को लेकर पहले से ही तैयारियां तेज हो चुकी हैं और अब आईटी सलाहकारों की नियुक्ति को उसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
pooja