हरियाणा CM आवास पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों पर लाठियां बरसीं , दीपेंद्र हुड्डा पर वाटर कैनन से बौछार, NEET पेपर लीक का विरोध
कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास के घेराव के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन और लाठीचार्ज किया। दीपेंद्र हुड्डा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।
- CM आवास घेरने पहुंचे कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया
- दीपेंद्र हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया, 15 मिनट बाद छोड़ा गया
- NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
कुरुक्षेत्र में शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और फिर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठियां भी चलाईं।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन NEET पेपर लीक और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आयोजित किया गया था। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा बैरिकेडिंग के पास पहुंचे और कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया। इसी दौरान पुलिस ने उन पर वाटर कैनन से पानी की बौछार की। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपेंद्र हुड्डा, थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, पिहोवा विधायक मनदीप चट्ठा समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद करीब 15 मिनट के भीतर सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेशाध्यक्ष निशांत कटारिया और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है।
प्रदर्शन से एक दिन पहले युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशांत कटारिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा था कि देशभर के लाखों छात्र दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली पेपर लीक घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।
उधर, कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से अलर्ट था। मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आवास तक जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल तक पहुंच गए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के हितों के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा और पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय होने तक आंदोलन चलता रहेगा।
Akhil Mahajan