सवा दो घंटे इंतजार के बाद JP Nadda से हुई मुलाकात... CJP ने सौंपा मांगपत्र, सरकार ने चर्चा का दिया भरोसा
दिल्ली में 'चलो संसद' मार्च के बीच CJP प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर तीन प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। सरकार ने मांगों पर चर्चा का आश्वासन दिया।
➤ CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से की मुलाकात
➤ सवा दो घंटे इंतजार के बाद करीब 10 मिनट चली अहम बैठक
➤ तीन प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा, सरकार ने चर्चा का दिया आश्वासन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में जारी 'चलो संसद' मार्च के बीच सोमवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। Cockroach Janta Party (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार ने पहली बार औपचारिक बातचीत के लिए बुलाया, जिसके बाद यह मुलाकात संभव हो सकी।
सवा दो घंटे इंतजार के बाद हुई बैठक
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने पार्टी की ओर से केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। नेताओं के अनुसार, उन्हें करीब सवा दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद लगभग 10 मिनट तक बैठक चली। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से जुड़ा विस्तृत ज्ञापन केंद्रीय मंत्री को सौंपा।
ज्ञापन में रखीं तीन प्रमुख मांगें
पार्टी ने अपने ज्ञापन में सोनम वांगचुक से जुड़े मुद्दे पर कार्रवाई, NEET-UG विवाद को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा परीक्षा विवाद से प्रभावित परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इन मुद्दों पर सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए।
सरकार ने क्या कहा?
बैठक के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उनकी सभी मांगों का लिखित ज्ञापन केंद्रीय मंत्री को सौंप दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि जेपी नड्डा ने आश्वासन दिया है कि इन मांगों पर पार्टी नेतृत्व और सरकार के स्तर पर चर्चा की जाएगी। वहीं केंद्रीय मंत्री ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन समाप्त करने और सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग की अपील की।
प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े कार्यकर्ता
बैठक के बावजूद CJP ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इससे पहले संसद की ओर मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति भी बनी थी। सुरक्षा बलों ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर भीड़ को आगे बढ़ने से रोका।
Akhil Mahajan