चरखी दादरी में दंपती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पैसों के लेन-देन में धोखे का आरोप
चरखी दादरी के बेरला गांव में दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में पैसों के लेन-देन में धोखे का जिक्र। पुलिस जांच में जुटी।
- चरखी दादरी में दंपती ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या
- सुसाइड नोट में पैसों के लेन-देन में धोखे का जिक्र
- दो मासूम बच्चे हुए अनाथ, गांव में शोक का माहौल
हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक दंपती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर में बने चौबारे में फंदे से लटके मिले।
घटना की सूचना मिलते ही बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।
मृतकों की पहचान गांव बेरला निवासी विष्णु (35) और उनकी पत्नी संगीता (30) के रूप में हुई है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जो इस घटना के बाद अनाथ हो गए हैं।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें दंपती ने पैसों के लेन-देन में धोखा होने की बात लिखी है। बताया गया है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनका रुपयों का लेन-देन था। इसे लेकर उस व्यक्ति द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और धमकियां दी जा रही थीं।
परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते दंपती ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक विष्णु के भतीजे ने बताया कि दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। एक सुसाइड नोट जरूर मिला है, जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। विष्णु नाई का काम करते थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। दंपती के दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं।
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि गांव बेरला से पति-पत्नी के सुसाइड की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पाया गया कि दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सुसाइड नोट में भर्ती के नाम पर पैसे देने और धोखा होने का उल्लेख है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author1