राहुल गांधी की मौजूदगी के बावजूद बृजेंद्र की यात्रा से दूर रहेंगे सिरसा के तीन विधायक

राहुल गांधी की मौजूदगी वाली बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा से सिरसा के तीनों कांग्रेस विधायक दूर रहेंगे। गोकुल सेतिया और दिग्विजय चौटाला ने सोशल मीडिया पर तीखे तंज कसे हैं।

राहुल गांधी की मौजूदगी के बावजूद बृजेंद्र की यात्रा से दूर रहेंगे सिरसा के तीन विधायक

बृजेंद्र सिंह की यात्रा से सिरसा कांग्रेस ने बनाई दूरी

राहुल गांधी की मौजूदगी के बावजूद तीनों विधायक नहीं जाएंगे

गोकुल सेतिया और दिग्विजय चौटाला ने सोशल मीडिया पर कसा तंज

हिसार के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा को लेकर हरियाणा की सियासत गरमा गई है। यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने की खबर के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि सिरसा जिले के तीनों कांग्रेस विधायकों ने इस यात्रा से दूरी बना ली है।

जानकारी के अनुसार सिरसा जिले की ऐलनाबाद, सिरसा और कालांवाली विधानसभा सीटों से कांग्रेस के विधायक इस यात्रा में शामिल होने गुरुग्राम नहीं जाएंगे। विधायकों का कहना है कि उन्हें पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक निमंत्रण नहीं मिला है।

हालांकि कांग्रेस संगठन की तरफ से सभी मौजूदा और पूर्व विधायकों को राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद सिरसा के तीनों विधायक कार्यक्रम से दूरी बनाते नजर आ रहे हैं।

कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि यात्रा को लेकर सिर्फ पार्टी ग्रुप में सूचना मिली थी। उन्हें कोई ऑफिशियल मैसेज या निमंत्रण नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं, इसलिए कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे।

वहीं सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि यात्रा को लेकर शुरू से ही विवाद की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ बयानबाजी हो रही है, ऐसे में यात्रा में जाना उचित नहीं है। हालांकि उन्होंने राहुल गांधी को सबके लिए बराबर बताते हुए कहा कि वे उनका सम्मान करते हैं।

ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनिवाल ने कार्यक्रम में न जाने की वजह अपनी खराब तबीयत बताई। उन्होंने कहा कि बेटे के काम के कारण भी अकेले गुरुग्राम जाना संभव नहीं है।

इस बीच यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में बृजेंद्र सिंह पर तंज कसते हुए लिखा कि बीजेपी में “मलाई खाने” के बाद अब दाढ़ी बढ़ाकर राहुल गांधी को बुलाया जा रहा है और पुराने कांग्रेसियों को नीचा दिखाया जा रहा है।

सेतिया ने पोस्ट में लिखा कि राहुल गांधी नरम दिल के नेता हैं, जबकि बीजेपी में ऐसा करने वालों को “औकात दिखा दी जाती”। उनकी इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस के भीतर भी चर्चा तेज हो गई है।

वहीं जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने भी बृजेंद्र सिंह और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जिसने तीन कृषि कानूनों के समर्थन में वोट दिया, उसकी यात्रा में राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल होंगे। उन्होंने इसे किसानों की शहादत पर “ट्रैक्टर चलाने” जैसा बताया।

दिग्विजय चौटाला ने सवाल उठाया कि अगर ऐसे नेताओं को कांग्रेस में सम्मान मिल रहा है तो फिर लगातार निशाने पर सिर्फ दुष्यंत चौटाला ही क्यों रहते हैं।

राहुल गांधी की मौजूदगी वाली इस यात्रा से पहले कांग्रेस के भीतर उभरती नाराजगी और नेताओं की बयानबाजी ने हरियाणा की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि यात्रा के दौरान कांग्रेस नेतृत्व इस असहमति को कैसे संभालता है।