बिहार की महिलाओं पर मंत्री पति का शर्मनाक बयान, सियासी तूफान
उत्तराखंड की महिला मंत्री के पति के बिहार की महिलाओं पर दिए बयान से विवाद खड़ा हो गया। बीजेपी, जदयू, राजद ने निंदा की। बिहार महिला आयोग ने नोटिस का ऐलान किया।
- बिहार की महिलाओं पर मंत्री पति का आपत्तिजनक बयान, 20-25 हजार में मिलने की कही बात
- बीजेपी, जदयू, राजद और कांग्रेस ने बयान की कड़ी निंदा की
- बिहार महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेकर नोटिस भेजने का ऐलान
उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आने के बाद सियासी बवाल मच गया है। वीडियो में वे यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि बिहार में 20-25 हजार में लड़की मिल जाती है। यह बयान उन्होंने अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिया।
बताया गया है कि गिरधारी लाल साहू करीब एक हफ्ते पहले दौलाघाट क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। मंच से भाषण के दौरान उन्होंने एक युवा कार्यकर्ता से उसकी उम्र पूछी और शादी न होने पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार से लड़की ले आएंगे और शादी करवा देंगे। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया तेज हो गई।
इस पूरे मामले पर राजद ने मंत्री के पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं बिहार बीजेपी के नेता भी बयान से नाराज नजर आए। भाजपा प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि महिला कोई सौदे की वस्तु नहीं है और यह बयान हर महिला का अपमान है। उन्होंने इसे फूहड़, शर्मनाक और मानसिक दिवालियापन का उदाहरण बताया।
भाजपा की सहयोगी पार्टी जदयू ने भी बयान को गलत ठहराया। जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि किसी भी स्थान की महिला का अपमान स्वीकार्य नहीं है और इस बयान की निंदा की जाती है।
राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण मंत्री के पति द्वारा बिहार की बेटियों को लेकर दिया गया बयान बेहद नीच सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस बयान से बिहार की महिलाओं में आक्रोश है। राजद के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी वीडियो साझा कर भाजपा से जवाब मांगा गया।
बिहार कांग्रेस ने भी इस बयान को लेकर भाजपा पर हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए और बिहार की महिलाओं के लिए इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सार्वजनिक माफी की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से बयान संज्ञान में आया है। इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मंत्री के पति पर कार्रवाई की मांग की गई है। विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान पर माफी भी मांग ली है।
Akhil Mahajan