भिवानी में पानी संकट पर कांग्रेस का प्रदर्शन, SC कार्यालय घेरा
भिवानी में पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने पब्लिक हेल्थ कार्यालय का घेराव किया। शाम तक पानी देने का आश्वासन, नहीं मिलने पर तालाबंदी की चेतावनी दी गई।
➤ भिवानी में पानी संकट पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
➤ पब्लिक हेल्थ SC कार्यालय का घेराव, नारेबाजी से गरमाया माहौल
➤ शाम तक पानी देने का आश्वासन, नहीं मिला तो तालाबंदी की चेतावनी
हरियाणा के भिवानी में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पब्लिक हेल्थ विभाग के SC कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शहर में लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
बताया गया कि जिस समय कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे, उस दौरान संबंधित SC अधिकारी किसी जरूरी मीटिंग के चलते चरखी दादरी गए हुए थे। इस पर कांग्रेस नेताओं ने फोन के जरिए उनसे संपर्क साधा और समस्या से अवगत कराया।
फोन पर हुई बातचीत में अधिकारी ने शाम तक पानी मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। इस पर कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय तक पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय की तालाबंदी करेंगे और सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी रोष देखने को मिला और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
Akhil Mahajan