भिवानी में हुक्का विवाद बना मौत की वजह शराब के नशे में झगड़ा

भिवानी में हुक्का भरने को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शराब के नशे में झगड़ा बढ़ा, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

भिवानी में हुक्का विवाद बना मौत की वजह शराब के नशे में झगड़ा

भिवानी में हुक्का भरने को लेकर विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या
शराब के नशे में झगड़ा बढ़ा, डंडे और लात-घुसे से हमला
उत्तर प्रदेश के मजदूर की मौत, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की


हरियाणा के भिवानी जिले के गांव कोंट में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां हुक्का भरने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा युवक की मौत का कारण बन गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी करीब 30 वर्षीय राम मोहन के रूप में हुई है, जो मजदूरी के लिए भिवानी आया हुआ था।

घटना शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार, राम मोहन हुक्के की चिलम में आग रखने के लिए गया था। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति से उसका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों ने शराब पी रखी थी, जिसके चलते कहासुनी तेजी से हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने राम मोहन पर डंडे से हमला किया और इसके बाद उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल राम मोहन किसी तरह अपने साथियों तक पहुंचा और घटना की जानकारी दी। परिजन और साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि राम मोहन की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी और वह परिवार का पालन-पोषण करने के लिए मजदूरी करने हरियाणा आया था। घटना की सूचना मिलने पर परिजन रात में ही भिवानी पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब राम मोहन के साथी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी डंडे से मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तराखंड का रहने वाला है और उसी इलाके में अपने परिवार के साथ रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह झगड़ा अचानक हुआ और पहले से किसी तरह की रंजिश नहीं थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।