लवजीत हत्याकांड का 20 हजार का ईनामी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
भिवानी न्यायालय परिसर फायरिंग और लवजीत हत्याकांड में फरार 20 हजार का ईनामी आरोपी STF और CIA की मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ। आरोपी और एक SI घायल हुए।
-
न्यायालय परिसर फायरिंग व लवजीत हत्याकांड का 20 हजार का ईनामी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
-
एसटीएफ रोहतक और सीआईए प्रथम भिवानी की संयुक्त कार्रवाई, दोनों पैरों में लगी गोली
-
मुठभेड़ में एसटीएफ के एसआई सिकंदर भी गोली लगने से बाल-बाल बचे
न्यायालय परिसर में फायरिंग और लवजीत हत्याकांड में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के ईनामी अपराधी को एसटीएफ रोहतक और सीआईए प्रथम भिवानी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ भोला निवासी गांव डाडमा, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है। आरोपी पर एडीजीपी क्राइम की ओर से 14 अक्तूबर को इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ पहले भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले की जांच एसटीएफ रोहतक द्वारा की जा रही है, जिसमें अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना की शुरुआत 4 सितंबर को हुई थी, जब बिजेन्द्र और काला भिवानी न्यायालय परिसर में पेशी पर आए थे। इसी दौरान लवजीत, बिजेन्द्र और काला वकीलों के चैंबर के पास चाय की दुकान पर मौजूद थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग में गांव मोखरा, जिला रोहतक निवासी लवजीत को तीन गोलियां लगी थीं।
घायल लवजीत को पहले सामान्य अस्पताल भिवानी और बाद में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने संगठित अपराध के एंगल से जांच शुरू की थी।
शनिवार तड़के करीब तीन बजे एसटीएफ रोहतक के एएसआई सिकंदर अपनी टीम के साथ बामला टोल टैक्स के नजदीक भिवानी-रोहतक रोड पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित ईनामी अपराधी अजय अपने एक साथी के साथ लोहारू रोड की ओर हथियारों सहित खड़ा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को काबू करने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ईनामी अपराधी अजय के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी। घायल आरोपी को पहले सामान्य अस्पताल भिवानी और बाद में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। वहीं उसके साथी संदीप को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान रोहतक एसटीएफ यूनिट के एसआई सिकंदर को भी छाती पर गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वे सुरक्षित बच गए। उनकी शिकायत पर आरोपी अजय और संदीप के खिलाफ थाना जूई कलां में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधियों को गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को शरण देने या किसी भी प्रकार से मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author1