ट्रेन हादसे में BSF जवान की मौत
भिवानी में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से BSF ASI जयसिंह की मौत हो गई। वह 4-5 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था।
भिवानी में ट्रेन की चपेट में आने से BSF जवान की मौत
■ जम्मू-कश्मीर में तैनात ASI 4-5 दिन पहले ही छुट्टी पर आया था
■ रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, 2 बच्चों के पिता थे जवान
हरियाणा के भिवानी में एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में BSF जवान की मौत हो गई। हादसा मानेहरू रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां रेलवे ट्रैक पार करते समय जवान ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव सोंढी सतनाली निवासी करीब 38 वर्षीय जयसिंह के रूप में हुई है। वह सीमा सुरक्षा बल (BSF) में एएसआई के पद पर तैनात था और उसकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में लगी हुई थी।
जानकारी के अनुसार जयसिंह करीब 4-5 दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। फिलहाल वह भिवानी के कोंट रोड स्थित सूर्य नगर में रह रहा था। बुधवार को वह रेलवे लाइन की तरफ घूमने गया था। इसी दौरान पटरी पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना रेलवे स्टेशन मास्टर ने GRP पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में परिजनों के पहुंचने पर उसकी शिनाख्त जयसिंह के रूप में हुई।
मृतक के पिता गजराज और मामा कृष्ण ने पुलिस को बताया कि जयसिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। उसकी बड़ी बेटी करीब 8 साल की है, जबकि छोटा बेटा लगभग 3 साल का है। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
GRP जांच अधिकारी सुदेश के अनुसार मामले में लोको पायलट से भी संपर्क किया गया। लोको पायलट ने बताया कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर इत्फाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव और आसपास के इलाके में जवान की मौत के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
pooja