कमांडो ट्रेनिंग के दौरान डूबे जवान अक्षित शर्मा को सैन्य सम्मान के साथ विदाई कांगड़ा के जवान की तवी नदी में डूबने से मौत
हिमाचल के कांगड़ा जिले के 26 वर्षीय सेना जवान अक्षित शर्मा की जम्मू के अखनूर सेक्टर में कमांडो ट्रेनिंग के दौरान तवी नदी में डूबने से मौत हो गई। बुधवार को उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
■ कमांडो ट्रेनिंग के दौरान तवी नदी में डूबने से 26 वर्षीय जवान की मौत
■ कांगड़ा के पैतृक गांव उस्तेहड़ में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
■ इकलौते बेटे की शहादत से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल के उस्तेहड़ गांव के रहने वाले 26 वर्षीय सेना जवान अक्षित शर्मा का कमांडो ट्रेनिंग के दौरान दुखद निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, जम्मू के अखनूर सेक्टर में कमांडो प्रशिक्षण के दौरान तवी नदी में विशेष अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान प्रशिक्षण के दौरान वे नदी में डूब गए और यह हादसा हो गया।
घटना के बाद भारतीय सेना ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अक्षित शर्मा भारतीय सेना की 09 पंजाब रेजिमेंट में तैनात थे और इन दिनों जम्मू में कमांडो ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे थे।
अचानक हुई इस घटना की खबर जैसे ही उनके गांव और क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
बुधवार को शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव उस्तेहड़ लाया गया।
यहां भारतीय सेना की टुकड़ी ने उन्हें पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
हर किसी ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल और एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम समेत कई अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि अक्षित शर्मा का असमय निधन बेहद दुखद है और देश की सेवा करते हुए एक होनहार जवान को खोना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
वहीं विधायक किशोरी लाल ने कहा कि कम उम्र में देश सेवा का मार्ग चुनने वाले अक्षित पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
बताया जा रहा है कि अक्षित शर्मा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। वे हाल ही में छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटे थे।
उनके परिवार में पिता विजय कुमार और माता रेणु अवस्थी हैं।
अंतिम विदाई के दौरान लोगों ने “भारत माता की जय” और “अक्षित शर्मा अमर रहे” के नारों के साथ वीर जवान को श्रद्धांजलि दी।
shubham