हरियाणा की अंतिम पंघाल बनीं भारत की सबसे महंगी महिला रेसलर
हिसार की पहलवान अंतिम पंघाल प्रो कुश्ती लीग में 52 लाख में बिकीं। वह भारत की सबसे महंगी महिला रेसलर बनीं और विनेश फोगाट के विश्व चैंपियनशिप रिकॉर्ड की बराबरी कर चुकी हैं।
➤ हिसार की अंतिम पंघाल बनीं भारत की सबसे महंगी महिला रेसलर
➤ प्रो कुश्ती लीग में यूपी डोमिनेटर्स ने 52 लाख में खरीदा
➤ विनेश फोगाट के विश्व चैंपियनशिप रिकॉर्ड की कर चुकी बराबरी
हिसार। हरियाणा की धरती से निकली उभरती स्टार पहलवान अंतिम पंघाल ने प्रो कुश्ती लीग में इतिहास रच दिया है। प्रो कुश्ती लीग (PWL) की नीलामी में उत्तर प्रदेश डोमिनेटर्स ने अंतिम पंघाल को 52 लाख रुपये में खरीदा, जिसके साथ ही वह लीग की सबसे महंगी भारतीय महिला रेसलर बन गई हैं। यह उपलब्धि न सिर्फ हिसार बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का क्षण मानी जा रही है।
दो बार की विश्व कुश्ती चैंपियनशिप पदक विजेता अंतिम पंघाल ने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना ली है। हिसार जिले के गांव भगाना में जन्मी अंतिम ने कठिन हालातों में संघर्ष करते हुए यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता रामनिवास पंघाल और मां कृष्णा कुमारी ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी के सपनों को टूटने नहीं दिया।
अंतिम के पिता ने बताया कि बेटी को पहलवान बनाने के लिए उन्हें डेढ़ एकड़ जमीन तक बेचनी पड़ी। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने कभी अंतिम की ट्रेनिंग में कमी नहीं आने दी। आज वही संघर्ष 52 लाख की बोली के रूप में परिवार की मेहनत को सम्मान दिला रहा है।
अंतिम पंघाल ने हाल ही में 2025 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 53 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने विनेश फोगाट के रिकॉर्ड की बराबरी की और दो विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला पहलवान बनीं। इससे पहले वह 2023 में भी कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
अंतिम का कहना है कि प्रो कुश्ती लीग में खेलना उनके लिए एक नया अनुभव होगा। खास तौर पर जापान की युई सुसाकी के खिलाफ मुकाबला वह सबसे चुनौतीपूर्ण मानती हैं। उधर, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में सबसे महंगी बोली युई सुसाकी पर लगी, जिन्हें हरियाणा थंडर्स ने 60 लाख रुपये में खरीदा।
विशेषज्ञ मानते हैं कि अंतिम पंघाल की यह नीलामी भारतीय महिला कुश्ती के बदलते कद और बढ़ते सम्मान का प्रतीक है। कम उम्र में विश्व स्तर पर पहचान और अब प्रो लीग में रिकॉर्ड कीमत, अंतिम को भविष्य की बड़ी स्टार माना जा रहा है।
Akhil Mahajan