NCR की दूध और दही की जरूरतें हरियाणा से पूरी होंगी: शाह

अमित शाह ने हरियाणा के रोहतक में 350 करोड़ की लागत से बने देश के सबसे बड़े डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। बोले- NCR की दूध-दही की जरूरतें यहीं से पूरी होंगी, 75 हजार नई डेयरी समितियां बनेंगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

NCR की दूध और दही की जरूरतें हरियाणा से पूरी होंगी: शाह

हरियाणा दौरे पर अमित शाह: रोहतक में 350 करोड़ का डेयरी प्लांट उद्घाटन
NCR की दूध, दही और छाछ की जरूरतें अब हरियाणा से पूरी होंगी
75 हजार नई डेयरी समितियां बनाने की घोषणा, किसानों की आय बढ़ेगी


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को हरियाणा के रोहतक में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) के खेल मैदान से किसानों और पशुपालकों को बड़ा तोहफा दिया। यहां उन्होंने 350 करोड़ की लागत से बने साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। यह देश का सबसे बड़ा दही, छाछ, योगर्ट और मिठाई उत्पादन केंद्र है। शाह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्लांट से पूरे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत की दूध एवं डेयरी उत्पादों की जरूरतें पूरी होंगी।

साबर डेयरी प्लांट के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची महिलाएं।

उन्होंने बताया कि सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से मोदी सरकार ने डेयरी सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव लाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में 75 हजार नई डेयरी समितियों का गठन किया जाएगा। इससे किसानों और पशुपालकों की आय में सीधा इजाफा होगा। शाह ने कहा कि अभी तक देशभर में 31 हजार सहकारिता समितियां बनाई जा चुकी हैं और ये सभी समितियां किसानों को सीधा लाभ पहुंचा रही हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में लोगों को चेकिंग के बाद एंट्री दी गई।

अमित शाह ने यह भी बताया कि भारत का डेयरी सेक्टर पिछले 11 वर्षों में 70% तक बढ़ा है। दूध देने वाले पशुओं की संख्या 86 मिलियन से बढ़कर 112 मिलियन हो गई है। खासकर देसी नस्ल की गायों का दूध उत्पादन 29 मिलियन टन से बढ़कर 50 मिलियन टन तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इसी तेजी से विकास के चलते भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन चुका है। शाह ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया के सबसे आधुनिक डेयरी प्लांट्स का केंद्र बनेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने भाषण में हरियाणा के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यह सेना में सबसे ज्यादा जवान देता है। अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ी भारत का परचम लहराते हैं। इतना ही नहीं, यहां के किसान देश के अनाज भंडार को भरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शाह ने हरियाणा की मातृशक्ति को प्रणाम करते हुए कहा कि सहकारिता की असली ताकत ग्रामीण महिलाएं हैं, जो डेयरी और दुग्ध व्यवसाय में अग्रणी हैं।

शाह ने कहा कि हरियाणा में सबसे ज्यादा दूध और छाछ की खपत होती है, यही कारण है कि साबर डेयरी ने यहां इतना बड़ा निवेश किया। उन्होंने गुजरात की डेयरी मॉडल की चर्चा करते हुए कहा कि आज सहकारिता डेयरी के माध्यम से 35 लाख महिलाएं 85 हजार करोड़ रुपए का कारोबार कर रही हैं और अब यही मॉडल हरियाणा में भी लागू होगा।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि भ्रूण स्थानांतरण और लिंग निर्धारण तकनीक को हर पशुपालक तक पहुंचाया जाए, ताकि पशुधन को और बेहतर बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश को जैविक खेती की दिशा में भी तेजी से काम करना चाहिए।

सीएम नायब सिंह सैनी ने भी इस मौके पर कहा कि इस प्लांट से दिल्ली, एनसीआर और पूरे उत्तर भारत में दूध की मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र में किसानों को बीमा, सब्सिडी और शगुन योजना जैसी सुविधाओं के माध्यम से लगातार मजबूती दे रही है। मुख्यमंत्री ने अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि सहकारिता मंत्रालय बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है।

इस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। ग्राउंड में एंट्री से पहले लोगों की चेकिंग की गई। वहीं, कार्यक्रम से पहले छात्र संगठनों ने ग्राउंड की तैयारियों पर विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

रोहतक के बाद अमित शाह का काफिला कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुआ, जहां वह ब्रह्मसरोवर मेला ग्राउंड में आयोजित एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। यहां वह 12 जिलों के लिए 825 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। साथ ही 3 नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा।