अस्‍पताल में लेडी डाक्‍टर का हाथ पकड़ा, गार्ड बचाव के लिए आया तो आंखों में फेंका केमिकल

अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में एक युवक ने लेडी डॉक्टर से बदसलूकी कर हंगामा किया और गार्ड की आंखों में केमिकल डाल दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।

➤ अंबाला कैंट अस्पताल में डॉक्टर से बदसलूकी, आरोपी हिरासत में
➤ गार्ड की आंखों में केमिकल डाला, घायल होकर गिरा
➤ 20 मिनट तक इमरजेंसी में हंगामा, मरीजों में दहशत


हरियाणा के अंबाला कैंट स्थित नागरिक अस्पताल में एक युवक द्वारा लेडी डॉक्टर से बदसलूकी और हंगामे का मामला सामने आया है। आरोपी एमएलआर कटवाने के लिए अस्पताल पहुंचा था, लेकिन थोड़ी देर इंतजार करने को कहने पर वह भड़क गया और इमरजेंसी वार्ड में ही उत्पात मचाने लगा।

जानकारी के अनुसार, युवक ने डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनका हाथ पकड़ लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। करीब 20 मिनट तक अस्पताल के इमरजेंसी सेक्शन में हंगामा चलता रहा, जिससे अन्य मरीजों और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी और गार्ड के बीच हाथापाई हो गई। मामला बढ़ते-बढ़ते माइनर ओटी तक पहुंच गया, जहां आरोपी ने सफाई में इस्तेमाल होने वाला केमिकल उठाकर गार्ड की आंखों में डाल दिया

केमिकल के कारण गार्ड दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर में भी चोट आई। इस दौरान इमरजेंसी में मौजूद एक मरीज के कपड़े भी केमिकल की वजह से जल गए।

डॉक्टर डॉ. रिद्धि ने बताया कि वह इमरजेंसी में ड्यूटी पर थीं और गंभीर मामलों को देख रही थीं। उन्होंने आरोपी से कुछ समय का इंतजार करने को कहा था, लेकिन वह अचानक आक्रामक हो गया और हंगामा करने लगा। डॉक्टर ने बताया कि आरोपी ने उनके साथ भी गलत व्यवहार किया, हालांकि वह खुद को बचाने में सफल रहीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, डॉक्टर की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है और मामले में आगे की जांच जारी है। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात भी सामने आई है

इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।