'मोदी जी थारी तोप...' फिर बना आंदोलन की आवाज, सिंगर अजय हुड्डा ने छात्रों के धरने के समर्थन में जारी किया गाना
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को हरियाणवी गायक अजय हुड्डा का समर्थन मिला है। छात्रों के आग्रह पर जारी उनका चर्चित गीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
➤ युवाओं के आग्रह पर जारी किया चर्चित गाना, सोशल मीडिया पर वायरल
➤ किसान आंदोलन में भी गूंज चुका यह गीत, अब छात्र आंदोलन में बना चर्चा का केंद्र
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे छात्रों और युवाओं के आंदोलन को अब हरियाणवी गायक और कलाकार अजय हुड्डा का समर्थन भी मिल गया है। अजय हुड्डा ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लिए अपना चर्चित गीत जारी किया है, जिसके बाद यह गीत एक बार फिर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और आंदोलन के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
अजय हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहा है। उन्होंने बताया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के लगातार आग्रह के बाद उन्होंने यह गीत उन्हें समर्पित किया है। उनका कहना है कि एक कलाकार का दायित्व केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की भावनाओं को भी आवाज देना होता है।
यह वही गीत है, जो इससे पहले कृषि कानूनों के विरोध में चले किसान आंदोलन के दौरान भी काफी लोकप्रिय हुआ था। उस समय दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे आंदोलन में यह गीत लगातार सुनाई देता था और प्रदर्शनकारियों के बीच जोश भरने का माध्यम बना था। अब एक बार फिर यह गीत जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आ गया है।
सोशल मीडिया पर भी इस गीत को लेकर बड़ी संख्या में वीडियो और रील साझा की जा रही हैं। प्रदर्शन में शामिल कई छात्र इस गीत के साथ अपने वीडियो पोस्ट कर रहे हैं, जिससे यह इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है। समर्थकों का मानना है कि इससे आंदोलन को नई पहचान मिली है, जबकि विभिन्न पक्षों की ओर से इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
Akhil Mahajan