आगरा वीडियो कांड में बड़ा खुलासा, सभी नाबालिग आपस में दोस्त मोबाइल बेचने के बाद वायरल हुए वीडियो, जांच में नया मोड़
आगरा के वायरल वीडियो मामले में खुलासा, सभी नाबालिग आपस में दोस्त थे, मोबाइल बेचने के बाद वीडियो वायरल होने का दावा, पुलिस जांच जारी।
■ आगरा में वायरल वीडियो केस में सभी नाबालिग आपस में दोस्त निकले
■ मोबाइल बेचने के बाद वीडियो वायरल होने का दावा
■ पुलिस ने दो लड़कों को भेजा बाल सुधार गृह, जांच जारी
उत्तर प्रदेश के आगरा के खंदौली इलाके में वायरल वीडियो मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि वीडियो में दिख रहे 3 लड़के और 2 लड़कियां आपस में पहले से परिचित थे और सभी की उम्र 14 से 17 साल के बीच है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला बेहद संवेदनशील है क्योंकि सभी आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए कार्रवाई सावधानी से की जा रही है।घटना 31 मार्च को सामने आई, जब खंदौली क्षेत्र में चल रहे श्रीराम मेले के दौरान अचानक कई वीडियो लोगों के मोबाइल पर तेजी से वायरल हो गए। देखते ही देखते कुछ ही घंटों में ये वीडियो पूरे इलाके में फैल गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी किशोर-किशोरियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए जुड़े थे और आपस में बातचीत करते थे। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी हुई और करीब तीन महीने पहले उन्होंने मिलने की योजना बनाई। इसके बाद एक स्थान पर इकट्ठा होकर वीडियो बनाए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार एक लड़के ने दावा किया कि ये वीडियो उसके मोबाइल में थे और उसने वह मोबाइल बेच दिया था, लेकिन वीडियो डिलीट नहीं किए गए थे। उसके अनुसार, मोबाइल के जरिए ही ये वीडियो वायरल हो गए। हालांकि पुलिस इस दावे को पूरी तरह सही नहीं मान रही और अन्य एंगल से भी जांच कर रही है।पुलिस ने इस मामले में दो लड़कों को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि दोनों लड़कियों की काउंसलिंग कराई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि परिजन शिकायत दर्ज कराते हैं, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आदित्य सिंह ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के वीडियो को शेयर न करें, क्योंकि इससे कानूनन कार्रवाई हो सकती है और नाबालिगों के भविष्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है।फिलहाल पुलिस के सामने कई सवाल हैं—वीडियो किसने वायरल किए, मोबाइल किसे बेचा गया, और क्या इस पूरे मामले में और लोग शामिल हैं। इन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
shubham