भाजपा सरकार दलितों को न्याय देने में असक्षम : सुरेन्द्र अहलावत
पानीपत में आम आदमी पार्टी की आपात बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने वाय पूर्ण कुमार की आत्महत्या मामले पर सरकार को घेरा सुरेन्द्र अहलावत ने कहा कि भाजपा सरकार दलितों को न्याय देने में असक्षम है पार्टी ने आरोपी अधिकारियों को हटाने और परिवार को न्याय देने की मांग की
➤ वाय पूर्ण कुमार मामले में आम आदमी पार्टी की आपात बैठक
➤ सुरेन्द्र अहलावत बोले — भाजपा सरकार दलितों को न्याय देने में असक्षम
➤ आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग, नहीं तो संघर्ष का ऐलान
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाय पूर्ण कुमार की आत्महत्या के बाद उन्हें न्याय दिलाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की जिला पानीपत इकाई की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र अहलावत ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने सरकार पर दलितों के साथ भेदभाव और अन्याय का आरोप लगाया तथा दोषी अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए सुरेन्द्र अहलावत ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तब से प्रदेश में दलित समाज का लगातार उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार खुद को दलित हितैषी बताती है, लेकिन वास्तव में दलित वर्ग की आवाज़ को दबाया जा रहा है। अहलावत ने कहा कि प्रदेश में अदृश्य शक्तियों का शासन चल रहा है और मुख्यमंत्री किसी भी निर्णय लेने में पूरी तरह असक्षम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार और विकास छोड़कर समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने में लगी है।
करनाल लोकसभा सचिव अजय सिंगला ने कहा कि प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों को छद्म राष्ट्रवादियों का संरक्षण प्राप्त है। यही वजह है कि वे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैलाने और दलित अधिकारियों को प्रताड़ित करने से भी नहीं हिचकिचा रहे। उन्होंने कहा कि यह पूरा तंत्र अब लोकतंत्र के बजाय तानाशाही की दिशा में बढ़ रहा है।
वरिष्ठ दलित नेता नरेंद्र जसिया ने कहा कि अगर एक उच्च पदस्थ अधिकारी को न्याय नहीं मिल सकता, तो आम नागरिक की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वाय पूर्ण कुमार ने अपनी जान देकर समाज को अन्याय के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया है।
जिला सचिव योगेश कौशिक ने कहा कि सरकार समाज को जाति-पाति के नाम पर बांटने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि जनता को जागरूक होकर ऐसी ताकतों के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।
बैठक में सुखवीर मलिक, जसबीर कादयान, प्रीतपाल खेड़ा, विकास अग्रवाल, राजकुमार मुंडे, राजपाल कश्यप, दीपक शक्तिमान, श्याम लाल पहाड़िया, अमित नौहरा, डॉक्टर सुरेन्द्र माडी, शमशेर भल्ला और मनीष रोड सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकस्वर में मांग की कि वाय पूर्ण कुमार के परिवार की संविधान प्रदत्त मांगों को तुरंत स्वीकार किया जाए। साथ ही आरोपित अधिकारियों को पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा आम आदमी पार्टी पूरे समाज के साथ सड़कों पर संघर्ष करेगी।
Author1