हरियाणा में AAP नेता पर जानलेवा हमला, कार से टक्‍कर मारकर बाइक को उड़ाया, फिर हथौड़े-डंडों से हमला

सिरसा में AAP नेता सुरजीत सिंह पर कार से टक्कर मारकर हथौड़े और डंडों से हमला किया गया। CCTV वीडियो सामने आया, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हरियाणा में AAP नेता पर जानलेवा हमला, कार से टक्‍कर मारकर  बाइक को उड़ाया,  फिर हथौड़े-डंडों से हमला

➤ AAP नेता को कार से टक्कर मारकर बीच सड़क बेरहमी से पीटा
➤ हथौड़े और डंडों से हमला, सिर-पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर
➤ CCTV वीडियो आया सामने, पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी


हरियाणा के सिरसा में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक नेता पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले उनकी बाइक को कार से टक्कर मारी और फिर बीच सड़क पर हथौड़े और लाठियों से बेरहमी से पीट दिया। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

हमलावरों से बचकर भागने के प्रयास में सुरजीत सड़क पर ही गिर गया।

घटना 21 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जब AAP नेता सुरजीत सिंह बेगू सिरसा से अपने गांव शाहपुर बेगू लौट रहे थे। इसी दौरान नोहर रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरजीत बाइक समेत कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनकी पगड़ी भी दूर जा गिरी।

सड़क पर गिरने के बाद सुरजीत पर हथौड़े और डंडे से हमला करते आरोपी।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही सुरजीत सड़क पर गिरे, कार सवार तीन बदमाश नीचे उतरे और उन पर हमला शुरू कर दिया। एक हमलावर ने कार से हथौड़ा निकालकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जबकि बाकी दो आरोपियों ने डंडों से उनकी पीठ और पैरों पर प्रहार किए। जान बचाने के लिए सुरजीत ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें फिर गिरा दिया और हमला जारी रखा।

इसके बाद सड़क किनारे हमला करते आरोपी।

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। भीड़ बढ़ता देख आरोपी मौके से कार में सवार होकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल सुरजीत को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें पाई गईं। डॉक्टरों के अनुसार, उनके एक पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है।

पीड़ित सुरजीत सिंह ने बताया कि वह हमलावरों को पहचानते नहीं हैं और इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती, तो वह पार्टी स्तर पर इस मामले को उठाएंगे।

पुलिस के मुताबिक, सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।