हरियाणा में XUV में धमाका: हथिनीकुंड बैराज पर जाम, आर्मी बस फंसी, अफरातफरी

यमुनानगर हथिनीकुंड बैराज पर महिंद्रा XUV 300 में अचानक आग लगने से बड़ा धमाका हुआ। बाइक सवार की सतर्कता से चालक तयैब व नसीमा समय रहते बच निकले।

हरियाणा में XUV में धमाका:  हथिनीकुंड बैराज पर जाम, आर्मी बस फंसी, अफरातफरी
  • हथिनीकुंड बैराज पर महिंद्रा XUV 300 में आग लगते ही जोरदार धमाका

  • बाइक सवार ने अलर्ट किया, चालक तयैब और भाभी नसीमा की जान बची

  • यूपी-हरियाणा पुलिस अलर्ट, फायर ब्रिगेड हरियाणा से ढाई घंटे लेट

━━━━━━━━━━━━━━━━━━


हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर शनिवार सुबह महिंद्रा XUV 300 में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। आग डीजल टैंक तक पहुंचने से धमाका हुआ। चलती गाड़ी के बोनट से धुआं उठता देख एक बाइक सवार ने गाड़ी चालक को समय रहते अलर्ट कर दिया। इस वजह से गाड़ी चालक तयैब और उनकी भाभी नसीमा ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस और जलती गाड़ी।

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। यूपी के गांव पठलोकर निवासी तयैब अपनी भाभी नसीमा के साथ हरियाणा के गांव मालीमाजरा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब वे हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में पहुंचे तो सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें गाड़ी रोकने का संकेत दिया।

तयैब ने गाड़ी रोकी तो बाइक सवार युवक ने बताया कि गाड़ी के बोनट से धुआं निकल रहा है। तयैब और नसीमा तुरंत गाड़ी से उतर गए। बाइक सवार युवक ने बोनट और बंपर खोला ही था कि अचानक आग का गुब्बार बाहर निकला। पास मौजूद लोग तुरंत दूर हट गए। कुछ ही पलों में तेज धमाका हुआ।

जल रही गाड़ी के पास से गुजरती आर्मी की बस, जो काफी देर जाम में फंसी रही।

आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते महिंद्रा XUV 300 गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह गाड़ी प्रतापनगर निवासी अनीश के नाम दर्ज है। गाड़ी का इस्तेमाल उसके मामा का बेटा तयैब करता था। गाड़ी 2024 मॉडल है और हरियाणा के व्यासपुर में पंजीकृत है।

धमाका हथिनीकुंड बैराज पर हुआ जो हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ता है। धमाके की आवाज सुनकर दोनों राज्यों की पुलिस अलर्ट हो गई। यूपी पुलिस पहले मौके पर पहुंची, जबकि हरियाणा पुलिस बाद में पहुंची। बैराज पर पहले पुलिस नाका हुआ करता था, जो काफी समय से बंद है।

धमाके के बाद बैराज पुल पर भारी जाम लग गया। शादियों के सीजन के चलते यहां वाहनों की आवाजाही काफी थी। हिमाचल, यूपी, हरियाणा और पंजाब के वाहन यहां से गुजरते हैं। इसी दौरान आर्मी की गाड़ियां भी मूवमेंट कर रही थीं, जो जाम में फंस गईं। पुलिस ने सबसे पहले आर्मी के वाहनों को निकलवाया, फिर एंबुलेंस को रास्ता दिया।

दमकल विभाग को सूचना मिलते ही यूपी के मिर्जापुर से फायर ब्रिगेड पहले मौके पर पहुंच गई। हरियाणा की दमकल गाड़ी करीब ढाई घंटे बाद दोपहर 12 बजे पहुंची। डायल 112 की टीम भी करीब 11:45 बजे पहुंची। करीब दोपहर 12 बजे जाकर बैराज पर यातायात सामान्य हो सका।